हमास आतंकवादी संगठन नहीं- क़तर
क़तर का कहना है कि फ़िलिस्तीन का इस्लामी प्रतिरोध संगठन हमास कोई आतंकवादी संगठन नहीं है।
क़तर के विदेशमंत्री शेख मुहम्मद बिन अब्दुर्रहमान आले सानी का कहना है कि हम हमास को आतंकवादी संगठन नहीं मानते क्योंकि वह एक प्रतिरोधी संगठन है जो फ़िलिस्तीनियों को एकजुट करने में लगा है।
क़तर के विदेशमंत्री ने सोमवार को फ़्रांस के विदेशमंत्री के साथ भेंटवार्ता में स्पष्ट किया कि हमास के नेता उसके राजनैतिक प्रतिनिधि के रूप में क़तर में मौजूद हैं। उन्होंने बल देकर कहा कि क़तर की ओर से हमास का समर्थन स्पष्ट है जो ग़ज़्ज़ा पट्टी के पुनर्निमाण, फ़िलिस्तीनी राष्ट्र के समर्थन और फ़िलिस्तीनियों के बीच राष्ट्रीय भाईचारा बनाए रखने के उद्देश्य से जारी है। क़तर के विदेशमंत्री ने कहा कि हम हमास को एक राजनीतिक गुट के रूप में देखते हैं।
ज्ञात रहे कि फ़िलिस्तीनियों के समर्थन और फ़िलिस्तीनी नेताओं की आवभगत के कारण आजकल क़तर पर चारों ओर से दबाव डाला जा रहा है। इसी विषय के दृष्टिगत सऊदी अरब और कुछ अन्य देशों से क़तर से अपने संबन्ध तोड़ लिए हैं।