यमन के तट के क़रीब सऊदी नौका पर राकेट हमला
यमन की नौसेना ने घोषणा की है कि तइज़्ज़ प्रांत के शहर अलमख़ा के तट से कुछ दूर सऊदी अरब की सैनिक नौका को राकेट से निशाना बनाया गया है।
यमन के अलमसीरा टीवी चैनल का कहना है कि यमन के तट के क़रीब यमनी सेना के राकेट हमले का निशाना बनने वाली सऊदी अरब की यह 10वीं नौका है।
गत 30 जनवरी को भी यमनी नौसेना ने अलहुदैदा के तट से कुछ दूर तैर रही सऊदी अरब की युद्धक नौका को राकेट से निशाना बनाया था।
दूसरी ओर लंदन स्थित कल्याणकारी संस्था सेव चिल्ड्रन फ़ंड ने चेतावनी दी है कि यमन में फैली महामारी नियंत्रण से बाहर हो गई है और अब हर मिनट पर एक यमनी बच्चा महामारी की चपेट में आ रहा है।
संस्था ने कहा कि अगले कुछ महीनों के भीतर यमन में 3 लाख से अधिक लोग महामारी की चपेट में आएंगे।
सऊदी अरब मार्च 2015 से यमन पर लगातार हमले कर रहा है जिसमें अब तक 12 हज़ार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।