सऊदी साज़िशों का डटकर मुक़ाबला करेंगे: क़तरी विदेशमंत्री
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i44008-सऊदी_साज़िशों_का_डटकर_मुक़ाबला_करेंगे_क़तरी_विदेशमंत्री
क़तर के विदेशमंत्री ने कहा है कि उनका देश सऊदी अरब और उसके सहयोगियों की साज़िशों का डटकर मुक़ाबला करेगा।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Jun १९, २०१७ २०:३९ Asia/Kolkata
  • सऊदी साज़िशों का डटकर मुक़ाबला करेंगे: क़तरी विदेशमंत्री

क़तर के विदेशमंत्री ने कहा है कि उनका देश सऊदी अरब और उसके सहयोगियों की साज़िशों का डटकर मुक़ाबला करेगा।

प्राप्त समाचारों के अनुसार क़तर के विदेशमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान आले सानी ने कहा कि सऊदी अरब और उसके समर्थक क़तर को अपना ग़ुलाम बनाना चाहते हैं लेकिन क़तर उनके सामने घुटने नहीं टेकेगा।

क़तर के विदेशमंत्री ने कहा कि सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और बहरैन ने हमारे उपर प्रतिबंध लगाकर और हमे घेरकर हमपर आतंकवाद का समर्थन करने का आरोप लगाया और अब उसका खंडन कर रहे हैं।

मुहम्मद बिन अब्दुल रहमान आले सानी ने बल देकर कहा कि इन देशों के निराधार आरोपों और बयानों में पाया जाने वाला विरोधाभास, उनके द्वारा हम पर लगाए गए आरोपों के झूठे होने का सबसे बड़ा सबूत है।

क़तर के विदेशमंत्री ने फ़ार्स की खाड़ी के कुछ अरब देशों के साथ उनके मतभेदों को हल करने के लिए कुवैत के प्रयासों की ओर संकेत करते हुए कहा कि सऊदी अरब, बहरैन और अमीरात ने न केवल अपनी मांगों की सूची जारी नहीं की बल्कि मतभेद का शिकार हैं कि अपनी मांगों की सूची को कुवैत के समक्ष पेश करें या अमेरिका के।

क़तर के विदेशमंत्री ने कहा कि क़तर की स्ट्रैटेजी वार्ता पर आधारित है और समस्याओं को बातचीत के माध्यम से ही हल करना चाहिए।

ज्ञात रहे कि सउदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, बहरैन और मिस्र ने पांच जून से क़तर के साथ अपने राजनयिक संबंध समाप्त कर लिये हैं। (RZ)