क़तर और तुर्की ने आरंभ किया संयुक्त सैन्य अभ्यास
क़तर और तुर्की ने संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू कर दिया है।
क़तर की राजधानी दोहा में तुर्की के सैनिकों के पहले जत्थे के पहुंचने के बाद क़तर और तुर्की के सैनिकों ने संयुक्त सैन्य अभ्यास करने आरंभ कर दिये हैं।
क़तर के विदेश मंत्रालय के अनुसार इस संयुक्त सैन्य अभ्यास का उद्देश्य, हर प्रकार के ख़तरे का मुक़ाबला करना है। इससे पहले क़तर के विदेशमंत्री ने कहा था कि उनका देश सऊदी अरब और उसके सहयोगियों की साज़िशों का डटकर मुक़ाबला करेगा। क़तर के विदेशमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान आले सानी ने कहा कि सऊदी अरब और उसके समर्थक, क़तर को अपना ग़ुलाम बनाना चाहते हैं लेकिन क़तर उनके सामने घुटने नहीं टेकेगा।
ज्ञात रहे जबसे सऊदी अरब, संयुक्त अरब इमारात, बहरैन और मिस्र ने क़तर से अपने संबन्ध तोड़े हैं उसके बाद से क़तर और सऊदी अरब के बीच तनाव बढ़ गया है तथा दोनों ओर से आरोप-प्रत्यारोपों का सिलसिला जारी है।