तुर्की की नीतियां, अंतर्राष्ट्रीय नियमों का उल्लंखन हैंः सीरिया
सीरिया के विदेशमंत्रालय ने कहा है कि सीरिया के विरुद्ध तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान की अतिक्रमणकारी नीतियां, अंतर्राष्ट्रीय नियमों का खुला उल्लंघन हैं।
सीरिया के सरकारी टीवी चैनल अलअख़बारिया की रिपोर्ट के अनुसार सीरिया के विदेशमंत्रालय ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि सीरिया की धरती पर काल्पनिक विस्तारवाद और अतिक्रमणकारी नीतियों की परिधि में तुर्की के राष्ट्रपति ने जो व्यवहार अपनाया है उससे पता चलता है कि वह अंतर्राष्ट्रीय नियमों और सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
सीरिया के विदेशमंत्रालय के बयान में आया है कि अज़ाज़ और उत्तरी हलब के अन्य क्षेत्रों में तुर्की के ताज़ा हमले, सीरिया में तुर्क सरकार की विध्वंसक भूमिका की परिधि में समझे जाते हैं और इससे यह सिद्ध होता है कि अंकारा, सीरिया के विरुद्ध षड्यंत्रों में पूर्ण भागीदार और आतंकवाद का मुख्य समर्थक है।
सीरिया के विदेशमंत्रालय ने इसी प्रकार बल दिया कि सीरिया की सशस्त्र सेना और सीरियाई राष्ट्र अपनी धरती की रक्षा करेगा और उन तकफ़ीरी आतंकवादियों के मुक़ाबले में जिन्हें अर्दोग़ान का भरपूर समर्थन प्राप्त है, मौजूद समस्त संसाधानों से पूरी शक्ति के साथ डट जाएगा।
इससे पहले गुरुवार को सीरिया के विदेशमंत्रालय ने संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव और सुरक्षा परिषद के प्रमुख के नाम अलग अलग पत्रों में उत्तरी सीरिया के कुछ क्षेत्रों तुर्की सैनिकों की घुसपैठ की निंदा करते हुए विश्व समुदाय से मांग की थी कि वह सीरिया की धरती पर तुर्क हमलों को रुकवाने का प्रयास करे।
उत्तरी सीरिया के अज़ाज़ और उसके आसपास के क्षेत्रों में मौजूद सूत्रों ने गुरुवार को सूचना दी थी कि तुर्की ने सीरिया सरकार के विरोधी सशस्त्र गुटों के समर्थन के लिए भारी मात्रा में हथियार और गोले बारूद क्षेत्र में पहुंचा दिए हैं। (AK)