कुर्दों ने तुर्की को खुली धमकी दे दी
सीरिया के कुर्दों की पार्टी पीडीकेएस ने तुर्क सरकार को धमकी दी है कि यदि उसने सीरिया में अपना सैन्य हस्तक्षेप नहीं रोका तो वह उत्तरी हलब में स्थित इफ़रीन शहर को सीरिया की सेना के हवाले कर देगी।
अलक़ुदसुल अरबी समाचार पत्र की रिपोर्ट के अनुसार कुर्दिस्तान डेमोक्रेटिक पार्टी आॅफ़ सीरिया पीडीकेएस के नेता सालेह मुस्लिम का कहना है कि यदि इफ़रीन शहर पर तुर्की के हमलों को रुकवाने में अमरीका और रूस ने सहायता नहीं की तो मन्बिज शहर की भांति इस पर भी सीरिया की सेना का नियंत्रण हो जाएगा।
इसी बीच सीरिया सरकार के विरोधी टीकाकार सालिम ख़लयवी का भी कहना है कि पीडीकेएस ने जब तुर्की और फ़्रि सीरियन आर्मी के लड़ाकों को मन्बिज शहर के निकट देखा तो उसने मन्बिज शहर के गांव को सेना के वाले कर दिया ताकि यह गांव तुर्क सेना के ख़तरों से सुरक्षित रहे।
इस राजनैतिक विशलेषक ने इस बात पर बल देते हुए कि अमरीका विश्वास योग्य नहीं है, कहा कि वाशिंग्टन कुछ अवसरों पर सीरिया के कुर्द लड़ाकों की मदद करता है किन्तु यह मदद अपने हितों के लिए होती हैं और जैसे ही उसके लक्ष्य पूरे हो जाते हैं वह सामने वाले पक्ष से अपने सारे संबंध तोड़ लेता है।
कुर्दों की नेश्नल परिषद के प्रमुख इब्राहीम बूरू ने इससे पहले उत्तरी हलब के इफ़रीन शहर को सीरिया की सेना के हवाले करने के बारे में पीडीकेएस और सीरिया सरकार के बीच होने वाली गुप्त वार्ता की सूचना दी थी जो तुर्की के सैन्य हमलों को विफल बनाने के उद्देश्य से अंजाम दी गयी थी। (AK)