मूसिल के बारे में बड़ा झूठ गढ़ा जा रहा हैः एबादी
इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने कहा है कि कुछ लोगों ने दाइश के चंगुल से मूसिल की स्वतंत्रता के अभियान के दौरान होने वाली झड़पों में मारे गये लोगों की संख्या को बढ़ा चढ़ा कर पेश किया है।
अलआलम टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने गुरुवार को शोहदा संस्था के दौरे के दौरान कहा कि इराक़ी शहीदों के बारे में जो आंकड़े पेश किए गये हैं, वह झूठ के अलावा कुछ और नहीं है।
ब्रिटिश समाचार पत्र आई ने गुरुवार को दावा किया था कि मूसिल सिटी की स्वतंत्रता के अभियान के दौरान होने वाली झड़पों में 40 हज़ार से अधिक आम नागरिक मारे गये थे। समाचार पत्र ने यह भी दावा किया था कि सरकारी तौर पर जो आंकड़े जारी किए गये हैं, मरने वालों की संख्या उससे कहीं अधिक है।
इराक़ी प्रधानमंत्री ने कहा कि दाइश से संघर्ष में इराक़ में एकता व एकजुटता पैदा हुई और सेना और पीशमर्गा बलों के बीच सहयोग मज़बूत हुआ है इसीलिए देश, किसी गुट या किसी व्यक्ति को भी इराक़ को पीछे ढकेलने की अनुमति नहीं देगा।
इराक़ी प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों के विरोध और कुछ लोगों की शंकाओं के बावजूद, आतंकवादी गुट दाइश के नियंत्रण से मूसिल स्वतंत्र हुआ और मतभेद फैलाने वालों की पोल खुल गयी और बासी शासन के तत्वों ने दाइश के अपराधों में मुख्य भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि इराक़ में न्याय के साथ क़ानून लागू किया जाएगा और उन लोगों के मामलों का जिन्होंने इराक़ की स्वतंत्रता में अपनी जान न्योछावर की, राजनैतिककरण नहीं किया जाना चाहिए। (AK)