फ़िलिस्तीन में नमाज़ियों पर ज़ायोनी सैनिकों का हमला, 21 घायल
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i46040-फ़िलिस्तीन_में_नमाज़ियों_पर_ज़ायोनी_सैनिकों_का_हमला_21_घायल
रविवार की रात ज़ायोनी सैनिकों ने बैतुल मुक़द्दस के पुराने भाग में नमाज़ पढ़ने वाले फ़िलिस्तीनियों पर हमला कर दिया जिसके परिणाम स्वरूप 21 लोग घायल हो गए।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul २४, २०१७ ०६:३९ Asia/Kolkata
  • फ़िलिस्तीन में नमाज़ियों पर ज़ायोनी सैनिकों का हमला, 21 घायल

रविवार की रात ज़ायोनी सैनिकों ने बैतुल मुक़द्दस के पुराने भाग में नमाज़ पढ़ने वाले फ़िलिस्तीनियों पर हमला कर दिया जिसके परिणाम स्वरूप 21 लोग घायल हो गए।

मस्जिदुल अक़सा के प्रवेश द्वारों पर इलेक्ट्रानिक गेट लगाए जाने के विरोध में लगातार आठवें दिन बाबुल अस्बात नामक द्वार के निकट सड़क पर नमाज़ पढ़ने वाले  फ़िलिस्तीनियों पर ज़ायोनी सैनिकों ने रबर की गोलियों, ध्वनि बमों और लाठी से हमला किया। ज़ायोनी सैनिकों ने 14 जुलाई से 16 जुलाई तक इस्राईली प्रधानमंत्री नेतनयाहू के आदेश पर मस्जिदुल अक़सा को बंद कर दिया था और उसके बाद मस्जिद के सभी प्रवेश द्वारों पर इलेक्ट्रानिक गेट लगा दिए हैं ताकि मस्जिद में जाने वाले सभी लोगों की जांच कर सकें।

 

ज़ायोनी शासन के इस क़दम का फ़िलिस्तीनियों ने कड़ा विरोध किया है और अनेक इस्लामी देशों के नेताओं ने मस्जिदुल अक़सा के अनादर पर इस्राईल की निंदा की है। ज़ायोनी सैनिकों के हमलों में शुक्रवार से लेकर अब तक कम से कम 8 फ़िलिस्तीनी शहीद और सैकड़ों अन्य घायल हो चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद इस मामले पर सोमवार को एक आपातकालीन बैठक करने वाली है। (HN)