दमिश्क़ में रूसी दूतावास पर आतंकवादियों का हमला
सीरिया की राजधानी दमिश्क़ में स्थित रूस के दूतावास पर मोर्टार हमला हुआ है।
बुधवार को रूस के विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, रूसी दूतावास की इमारत पर आतंकवादियों ने 4 मोर्टार फ़ायर किए जो इमारत के कम्पाउंड में जाकर गिरे।
इस हमले में इमारत को कुछ नुक़सान पुहंचा है, लेकिन किसी जानी नुक़सान की कोई ख़बर नहीं है।
रूसी विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में दूतावास पर आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की है। बयान में कहा गया है कि हम एक बार फिर दमिश्क़ और सीरिया के दूसरे शहरों में नागरिकों पर आतकंवादियों की वहशियाना गोलाबारी की ओर ध्यान आकर्षित कराना चाहते हैं। प्रतिदिन नागरिक, महिलाएं और बच्चे इन बर्बर हमलों में निशाना बन रहे हैं।
ग़ौरतल है कि एक महीने के भीतर दमिश्क़ में रूसी दूतावास पर आतंकवादियों का यह दूसरा हमला है, पहला मोर्टार हमला 16 जुलाई को किया गया था। msm