स्वयंसेवी बल को कभी भी भंग नहीं किया जाएगाः अलएबादी
इराक़ के प्रधानमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि दाइश को धूल चटाने वालों की अनेदखी नहीं की जाएगी।
बग़दाद में शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हैदर अलएबादी ने कहा है कि देश के स्वयंसेवी बलों को कभी भी भंग नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दाइश को धूल चटाने वालों को अनेदखा नहीं किया जा सकता।
इराक़ के प्रधानमंत्री ने इस ओर संकेत किया कि जिन बचे हुए क्षेत्रों पर दाइश का क़ब्ज़ा है उन्हें शीघ्र ही उनसे छीन लिया जाएगा। हैदर अलएबादी ने कहा कि दाइश के मुक़ाबले में लड़ने के लिए देश के सभी सुरक्षाबल हर समय तैयार हैं। उन्होंने कहा कि इराक़ी सुरक्षाबलों की इसी भावना के कारण इस देश का कोई भी क्षेत्र दाइश के नियंत्रण में रह ही नहीं सकता।
ज्ञात रहे कि इराक़ के वरिष्ठ शिया धर्मगुरू आयतुल्लाह सीस्तानी के फ़त्वे के बाद आतंकवादी गुट दाइश से स्वेचछा से लड़ने वाले स्वयंसेवकों की सेना तैयार हुई जिसे "हश्दुश्शाबी" कहा जाता है। इसमें इराक़ के हर वर्ग और जाति के लोग सम्मिलित हैं। इन लोगों ने इराक़ के अधिकांश क्षेत्रों से दाइश को निकाल बाहर कर दिया। इराक़ की संसद ने 26 नवंबर 2016 को सर्वसम्मित से आधिकारिक रूप में "हश्दुश्शाबी" को इराक़ी सेना का भाग घोषित किया था।