सीरियाई सेना सफलताओं पर सफलताएं हासिल करती जा रही है
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i46840-सीरियाई_सेना_सफलताओं_पर_सफलताएं_हासिल_करती_जा_रही_है
सीरियाई सेना ने हुम्स प्रांत में दाइश के क़ब्ज़े से आख़िरी सबसे बड़े क़स्बे को भी आज़ाद करा लिया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug ०६, २०१७ ०१:१८ Asia/Kolkata
  • 3 अगस्त 2017 को हुम्स में दाइश के क़ब्ज़े वाले तलबीसा क़स्बे में एक आदमी मोटर साइकिल से एक तबाह इमारत के पास से गुज़रता हुआ
    3 अगस्त 2017 को हुम्स में दाइश के क़ब्ज़े वाले तलबीसा क़स्बे में एक आदमी मोटर साइकिल से एक तबाह इमारत के पास से गुज़रता हुआ

सीरियाई सेना ने हुम्स प्रांत में दाइश के क़ब्ज़े से आख़िरी सबसे बड़े क़स्बे को भी आज़ाद करा लिया है।

ब्रिटेन स्थित कथित मानवाधिकार संगठन सीरियन ऑब्ज़र्वेट्री फ़ॉर ह्यूमन राइट्स ने इस बात की सूचना दी कि सीरियाई सेना ने हुम्स में तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश के क़ब्ज़े में मौजूद आख़िरी बड़े क़स्बे को भी आज़ाद करा लिया है।

शनिवार को सीरियन ऑब्ज़र्वेट्री फ़ॉर ह्यूमन राइट्स ने एलान किया कि पलमीरा से लगभग 50 किलोमीटर पूर्वोत्तर में स्थित सुकना क़स्बा आतंकियों के क़ब्ज़े से पूरी तरह आज़ाद हो गया है।

इस क़स्बे को आज़ाद कराने के अभियान के दौरान सीरियाई सेना ने तकफ़ीरी आतंकियों को 3 दिशाओं से घेर लिया था जिसके बाद सीरियाई सैनिकों और तकफ़ीरी आतंकियों के बीच भीषण लड़ाई हुयी। कार्यवाही के दौरान बड़ी संख्या में आतंकी मारे गए और बड़ी मात्रा में उनके सैन्य उपकरण व हथियार तबाह हुए।

उधर दैरुज़्ज़ूर में भी सीरियाई थल सेना ने वायु सेना की मदद से दाइश के ठिकानों और मोर्चों पर कई हमले किए जिसमें बड़ी संख्या में दाइशी मारे गए।

एक सैन्य सूत्र ने बताया कि रक़्क़ा प्रांत में कई क़स्बे आतंकियों के चंगुल से आज़ाद हो गए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, अलहर्दान, सालिम अलहम्द, अलअत्शाना, मुक़्ला कबीरा, मुक़्ला सग़ीरह और अज़्ज़मा क़स्बे भीषण झड़प के बाद दाइश के क़ब्ज़े से पूरी तरह आज़ाद हो गए हैं। (MAQ/N)