इराक़ी फ़ोर्सेज़ ने तलअफ़र शहर को चारों ओर से घेरा
इराक़ी सेना और स्वंयसेवी बल हश्दुश्शअबी ने तलअफ़र शहर को चारों ओर से घेर लिया है।
इराक़ी फ़ोर्सेज़ की संयुक्त कमान के प्रवक्ता ने बताया कि इराक़ी सेना और स्वंयसेवी बल के जवानों ने मूसिल के पश्चिम में स्थित तलअफ़र शहर को चारों ओर से घेर लिया है।
इरना के अनुसार, ब्रिगेडियर यहया रसूल ने गुरुवार को यह भी बताया कि इराक़ी सशस्त्र बल ने सीरिया से दाइश के आतंकियों को मदद पहुंचाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि तलअफ़र की आज़ादी के अभियान के व्यापक होने के मद्देनज़र इस क्षेत्र में यह लड़ाई कई हफ़्ते चलेगी।
इस वक़्त इराक़ के तीन शहर ‘तलअफ़र’ जो मूसिल के 55 किलोमीटर पश्चिम में है, ‘हवीजा’ जो कर्कूक के दक्षिण-पश्चिम में है और ‘क़ाएम जो पश्चिमी इराक़ में सीरिया की सीमा के निकट अंबार प्रांत के पश्चिमी भाग में है, दाइश के आतंकियों के क़ब्ज़े में हैं।
इस बीच एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, नैनवा प्रांत के एक सुरक्षा सूत्र ने बताया कि तलअफ़र के निकट दाइश की 6 गाड़ियां ध्वस्त हो गयी हैं। बताया जाता है कि इन गाड़ियों में बैठे सभी आतंकी मारे गए।
ग़ौरतलब है कि 10 जुलाई 2017 को दाइश के क़ब्ज़े से मूसिल के आज़ाद होने के बाद इराक़ी फ़ोर्सेज़ ने तलअफ़र शहर को दाइश के क़ब्ज़े से आज़ाद कराने का अभियान शुरु कर दिया है। (MAQ/N)