तेहरान - बग़दाद के संबंध रणनैतिक हैंः इराक़ी गृहमंत्री
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i47278-तेहरान_बग़दाद_के_संबंध_रणनैतिक_हैंः_इराक़ी_गृहमंत्री
इराक़ के गृहमंत्री ने शनिवार की शाम बग़दाद छोड़ने से पहले कहा कि तेहरान और बग़दाद के संंबंध रणनैतिक हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug १२, २०१७ १८:०२ Asia/Kolkata
  • तेहरान - बग़दाद के संबंध रणनैतिक हैंः इराक़ी गृहमंत्री

इराक़ के गृहमंत्री ने शनिवार की शाम बग़दाद छोड़ने से पहले कहा कि तेहरान और बग़दाद के संंबंध रणनैतिक हैं।

इराक़ के गृहमंत्री क़ासिम अलअरजी ने इर्ना से बात करते हुए कहा कि ईरान के दौरे के दौरान, इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के चेहलुम की ज़ियारत के बारे में अपने ईरानी समकक्ष से एक समझौते पर हस्ताक्षर होंगे।

उनका कहना था कि ईरान की यात्रा के दौरान चेहलुम की ज़ियारत के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध, श्रद्धालुओं को सुविधाएं प्रदान करने और पदयात्रियों के मार्गों की समीक्षा की जाएगी। उनका कहना था कि इन सब विषयों पर ईरान के गृहमंत्री से विस्तार से चर्चा की जाएगी।

इराक़ के गृहमंत्री ने कहा कि ख़ुसरईवी सीमा को खोलने के बारे में भी ईरानी समकक्ष से वार्ता होगी। श्री क़ासिम अलअरजी ने कहा कि ईरान द्वारा इराक़ी सरकार और राष्ट्र का समर्थन खुला और पूरी दुनिया के लिए स्पष्ट है।

उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को पता है कि दाइश के विरुद्ध युद्ध के लिए ईरानी सैन्य सलाहकार इराक़ी सेना के साथ हैं और उनकी मदद कर रहे हैं।

ज्ञात रहे कि इराक़ी गृहमंत्री ईरान यात्रा के दौरान अपने ईरानी समकक्ष अब्दुर्रज़ा रहमानी फ़ज़ली से मुलाक़ात के अलावा अन्य ईरानी नेताओं से भी मुलाक़ात करेंगे। (AK)