इराक़, क़तर का बहिष्कार करने वालों का साथ नहीं देगा
इराक़ के प्रधानमंत्री ने क़तर का बहिष्कार करने वाले देशों से कहा है कि बग़दाद, क़तर के विरुद्ध नीति नहीं अपनाएगा और वह निष्पक्ष रहेगा।
हैदर अलएबादी ने बग़दाद की यात्रा पर गए हुए बहरैन के विदेश मंत्री ख़ालिद बिन अहमद आले ख़लीफ़ा से मुलाक़ात में कहा कि फ़ार्स की खाड़ी के तटवर्ती अरब देशों के बीच पैदा होने वाले संकट में इराक़ किसी भी पक्ष का साथ नहीं देगा। उनका यह बयान, दोहा के ख़िलाफ़ सऊदी अरब, बहरैन, मिस्र और संयुक्त अरब इमारात का साथ देने के लिए इन देशों की ओर से पड़ने वाले निरंतर दबाव के संबंध में बग़दाद का औपचारिक रुख़ समझा जा रहा है।
ज्ञात रहे कि सऊदी अरब, बहरैन, मिस्र और संयुक्त अरब इमारात ने 5 जून से क़तर के साथ अपने कूटनैतिक संबंध तोड़ लिए थे और उस पर कई प्रतिबंध लगा दिए थे। ये देश, अलजज़ीरा टीवी चैनल बंद किए जाने, ईरान व हिज़्बुल्लाह के साथ क़तर के संबंधों की समाप्ति और क़तर में मौजूद तुर्की की सैन्य छावनी को बंद किए जाने की मांग कर रहे हैं जिन्हें दोहा ने रद्द कर दिया है। बहरैन के विदेश मंत्री एक औचक यात्रा पर रविवार को बग़दाद पहुंचे और उन्होंने इस देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री से मुलाक़ात और बातचीत की। (HN)