सीरिया संकट अपने अंत के क़रीब
सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद की सलाहकार बुसैना शाबान ने कहा है कि देश में छह साल से जारी उग्रवाद अपनी समाप्ति के क़रीब पहुंच चुका है।
बुसैना शाबान ने लेबनान के अलमयादीन टीवी चैनल को साक्षात्कार देते हुए कहा कि तकफ़ीरी आतंकी संगठनों से निपटने के साथ ही सीरियाई सेना देश में ग़ैर क़ानूनी रूप से मौजूद अमरीकी और तुर्क सेनाओं को भी बाहर निकालेगी।
बुसैना शाबान ने कहा कि दमिश्क़ में इंटरनैशनल फ़ेयर का आयोजन और इसमें क्षेत्रीय देशों की भाग लेना यह साबित करता है कि विदेशों द्वारा प्रायोजित सीरिया संकट अपने अंत के क़रीब पहुंच चुका है।
सीरियाई राष्ट्रपति की सलाहकार बुसैना शाबान ने कहा कि जो बाहरी शक्तियां सीरिया में चरमपंथियों की मदद कर रही थीं वह अपनी नीति बदलने लगी हैं। उन्होंने कहा कि दमिश्क़ इंटरनैशनल फ़ेयर का आयोजन बाहरी शक्तियों की साज़िश की विफलता का चिन्ह है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम जंग पूरी तरह जीत चुके हैं, बल्कि हम देश के पुनरनिर्माण के अभियान के शुरुआती चरण में हैं।
बुसैना शाबान ने तुर्की की कड़ी आलोचना की और कहा कि वह आतंकियों का समर्थन कर रहा है और अंकारा सरकार कहती कुछ है और करती कुछ और है। उन्होंने कहा कि तुर्की की सरकार क्षेत्र में बड़ी भूमिका पाने के लिए हर पक्ष के साथ सौदेबाज़ी करती है।
बुसैना शाबान ने कहा कि देश के भीतर तुर्क सेनाओं की मौजूदगी खुला हुआ अतिक्रमण है और उचित समय पर हम इससे भी निपटनेंगे। उन्होंने कहा कि हमने जिस तरह आतंकवाद को पराजित किया है उसी तरह हम अपनी धरती पर हर ग़ैर क़ानूनी घुसपैठ का मुक़ाबला करेंगे फिर वह घुसपैठ चाहे अमरीका ने की हो या तुर्की ने।
सीरियाई राष्ट्रपति की सलाहकार ने कहा कि अमरीका सीरिया को विभाजित करने की अपनी कोई भी योजना पूरी नहीं कर पाएगा।
सीरियाई की वरिष्ठ अधिकारी का यह बयान एसे समय आया है कि जब सरकारी समाचार एजेंसी साना ने रिपोर्ट दी है कि सीरियाई सेना ने अपने घटकों की मदद से हमा प्रांत में भारी प्रगति की है और उक़ैरिबात शहर में आतंकियों को घेर लिया है।
सवाने नामक इलाक़े में भी सीरियाई सेना ने कई आतंकियों को मार गिराया है।
इसी बीच सूचना है कि अमरीका ने रक़्क़ा नगर में दाइश पर हमला करने के नाम पर आम नागरिकों पर बमबारी कर दी है जिसमें कम से कम 80 लोगों की मौत हो गई। अमरीकी युद्धक विमान बार बार इस प्रकार की ग़लतियां दोहरा रहे हैं।