दाइश के ठिकानों पर इराक़ी सेना का भीषण हमला
इराक़ के तलअफ़र क्षेत्र के स्वतंत्रता अभियान के कमान्डर ने कहा कि तअअफ़र और उसके आसपास के क्षेत्रों में दाइश के ठिकानों पर भीषण हमले किए गये।
लेबनान की अन्नश्रा वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, नैनवा प्रांत के तलअफ़र शहर की स्वतंत्रता अभियान के कमान्डर अब्दुल अमीर यारल्लाह ने कहा कि इराक़ी सेना जब तक देश के चप्पे चप्पे को आतंकवादी गुट दाइश के चंगुल से स्वतंत्र नहीं करा लेती, चैन से नहीं बैठेगी।
इराक़ी सेना ने तलअफ़र शहर की स्वतंत्रता के अभियान के आरंभिक घंटे में कई गांवों को स्वतंत्र करा लिया। इसी मध्य इराक़ के नहरैन टीवी चैनल ने कहा कि स्वयं सेवी बलों ने तलअफ़र में दाइश के ठिकानों को निशाना बनाया जिसके दौरान दसियों आतंकवादी मारे गये।
ज्ञात रहे कि इराक़ी प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने नैनवा प्रांत के केन्द्र पश्चिमी मूसिल के तलअफ़र शहर की स्वतंत्रता के अभियान का आदेश जारी किया है। तलअफ़र आतंकवादी गुट दाइश का मुख्य अड्डा है और यहां से दाइश के तत्व बड़ी आसानी से सीरिया से आते जाते हैं। (AK)