इराक़ के टुकड़े करने पर तुले हुए हैं मसऊद बारेज़ानी
इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रमुख मसऊद बारेज़ानी ने एक बार फिर उस रेफ़्रेन्डम के आयोजन पर बल दिया है जिसका लक्ष्य इराक़ के टुकड़े करना है।
समाचार एजेंसी फ़ार्स के अनुसार, मसऊद बारेज़ानी ने मंगलवार को कुर्दिस्तान के धर्मगुरुओं से मुलाक़ात में कहा कि इस क्षेत्र में रेफ़्रेन्डम प्रस्तावित तारीख़ 25 सितंबर 2017 को आयोजित होगा।
बारेज़ानी ने कहा कि वह रेफ़्रेन्डम के विरोधियों की बात नहीं मानेंगे लेकिन बग़दाद के साथ वार्ता जारी रखेंगे।
एक ओर इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रमुख इस क्षेत्र को इराक़ से अलग करने के लिए रेफ़्रेन्डम के आयोजन पर बल दे रहे हैं तो दूसरी ओर विभिन्न राजनैतिक दल और बग़दाद की केन्द्र सरकार रेफ़्रेन्डम के ख़िलाफ़ है। हाल में अर्बील के एक प्रतिनिधिमंडल ने बग़दाद के दौरे पर इराक़ी अधिकारियों से रेफ़्रेन्डम के आयोजन पर बात की थी।
बारेज़ानी के कुर्दिस्तान में रेफ़्रेन्डम के आयोजन पर बल दिए जाने के साथ ही अमरीकी रक्षा मंत्री जेम्ज़ मैटिस मंगलवार की सुबह बग़दाद पहुंचे कि जिसके बाद वह अर्बील जाएंगे।
ग़ौरतलब है कि तुर्की, सीरिया, इस्लामी गणतंत्र ईरान और रूस, इराक़ी कुर्दिस्तान में रेफ़्रेन्डम के आयोजन के ख़िलाफ़ हैं और उनका मानना है कि ऐसा होने से क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ जाएगी। (MAQ/N)