क़तर अपना राजदूत तेहरान वापस भेज रहा है, दोहा
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i47986-क़तर_अपना_राजदूत_तेहरान_वापस_भेज_रहा_है_दोहा
क़तर के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार तड़के ईरान के साथ कूटनैतिक संबंध फिर से क़ायम करने के उद्देश्य से अपने राजदूत के तेहरान वापस लौटने का एलान किया है।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Aug २४, २०१७ ०६:२२ Asia/Kolkata
  • क़तर के विदेश मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुर्रहमान आले सानी (एएफ़पी के सौजन्य से)
    क़तर के विदेश मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुर्रहमान आले सानी (एएफ़पी के सौजन्य से)

क़तर के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार तड़के ईरान के साथ कूटनैतिक संबंध फिर से क़ायम करने के उद्देश्य से अपने राजदूत के तेहरान वापस लौटने का एलान किया है।

इरना के अनुसार, क़तर के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दोहा ने यह क़दम दोनों देश के बीच संबंध बेहतर करने के उद्देश्य से उठाया है।

कुछ सूत्रों ने भी रिपोर्ट दी है कि क़तर के विदेश मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुर्रहमान आले सानी ने अपने ईरानी समकक्ष मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ से टेलीफ़ोन पर संपर्क कर उन्हें क़तर के राजदूत के तेहरान लौटने की सूचना दी है।

ग़ौरतलब है कि क़तर ने पिछले साल जनवरी में सऊदी अरब के दबाव में तेहरान से अपना राजदूत दोहा वापस बुला लिया था।

हाल ही में क़तर के रक्षा मंत्री ने कहा था कि सऊदी अरब और उसके घटकों की ओर से क़तर के ख़िलाफ़ अन्यायपूर्ण पाबंदियों के बाद, इस्लामी गणतंत्र ईरान ने अपनी हवाई सीमा क़तर की उड़ानों के लिए खोल कर दोहा की पहली मुश्किल आसान की।

क़तर के रक्षा मंत्री ख़ालिद बिन मोहम्मद अलअतीया ने यह भी कहा कि ईरान ने क़तर की उड़ानों के लिए अपनी हवाई सीमा को खोलने के साथ साथ दोहा को खाद्य पदार्थ की आपूर्ति सहित उसकी कई ज़रूरतों को पूरा किया है। (MAQ/N)