तलअफ़र शहर पूरी तरह आज़ाद हो गया
इराक़ का तलअफ़र शहर पूरी तरह आज़ाद हो गया है।
इराक़ के क़ादेमून अभियान के कमान्डर ने देश के उत्तरी प्रांत नैनवा के तलअफ़र शहर के सभी इलाक़ों के दाइश के अतिग्रहण से आज़ाद होने की सूचना दी है।
संवाददाता के अनुसार, क़ादेमून अभियान के कमान्डर अब्दुल अमीर यारल्लाह ने कहा, “सेना और स्वंयसेवी बल ने रविवार की सुबह तलअफ़र के ‘हय्युल अस्करी’ और ‘अस्सनाअतुश शुमालिया’ मोहल्ले को दाइश के आतंकियों के अतिग्रहण से आज़ाद कराते हुए पूरे शहर को अपने नियंत्रण में ले लिया है। इस तरह तलअफ़र शहर के सभी 29 मोहल्ले दाइश के अतिग्रहण से आज़ाद हो गए हैं।”
इराक़ के रक्षा मंत्रालय ने भी एलान किया कि सशस्त्र बल ने तलअफ़र के सभी इलाक़ों को अपने नियंत्रण में ले लिया है।
इस बीच अलमयादीन टीवी चैनल ने इराक़ी रक्षा मंत्रालय की ओर से तलअफ़र के पूरी तहर आज़ाद होने के एलान होने के बाद तअलअफ़र शहर के भीतर की तस्वीरें प्रसारित कीं।
इराक़ी फ़ोर्सेज़ ने तलअफ़र शहर के केन्द्र में इस शहर की पूरी तरह आज़ादी का जश्न मनाया।
इराक़ के स्वंयसेवी बल हशदुश्शअबी के प्रमुख फ़ालेह अलफ़य्याज़ ने तलअफ़र की तेज़ी से आज़ादी पर इराक़ी सेना और स्वंयसेवी बल को बधाई दी।
ग़ौरतलब है कि नैनवा प्रांत के पश्चिम में स्थित तलअफ़र शहर को आज़ाद कराने का अभियान 20 अगस्त 2017 को शुरु हुआ था।
इराक़ के 5 अहम शहर तिकरीत, फ़ल्लूजा, रमादी, मूसिल और तलअफ़र दाइश के अतिग्रहण में थे। तिकरीत, फ़ल्लूजा और रमादी को आज़ाद कराने में 1 महीना, मूसिल को आज़ाद कराने में 7 महीने और तलअफ़र को आज़ाद कराने में सिर्फ़ एक हफ़्ता लगा। (MAQ/N)