सीरिया, आतंकियों को धूल चटाते आगे बढ़ रहे हैं सैनिक
सीरिया की सेना और प्रतिरोधकर्ताओं ने हमा प्रांत से आतंकियों को खदड़ते हुए अक़ीरबात क्षेत्र के निकट एक अन्य गांव को आतंकियों के नियंत्रण से स्वतंत्र करा लिया है।
सीरिया की सेना और प्रतिरोधकर्ताओं ने पिछले दो दिन के दौरान हमा प्रांत के सलमिया शहर के पूर्वी भाग को आतंकियों के नियंत्रण से स्वतंत्र करा लिया है। इससे पहले सेना के जवानों ने अक़ीरबात क्षेत्र सहित कई अन्य क्षेत्रों को आतंकियों के नियंत्रण से स्वतंत्र करा लिया था। सोमवार को भी सेना और प्रतिरोधकर्ताओं ने अक़ीरबात क्षेत्र के हम्मादतुल उमर गांव को आतंकियों के नियंत्रण से स्वतंत्र करा लिया।
सैन्य सूत्रों का कहना है कि हमा प्रांत के दस से भी कम गांव आतंकवादी गुट दाइश के नियंत्रण में है और शीघ्र ही पूरे प्रांत से आतंकियों को खदेड़ दिया जाएगा। इसी मध्य सीरिया की सेना और प्रतिरोधकर्ताओं ने दैरिज़्ज़ूर प्रांत में आतंकियों के विरुद्ध अपनी कार्यवाही जारी रखी है।
रूस के रक्षामंत्रालय ने भी कहा है कि सीरिया की सेना ने पिछले चौबीस घंटे के दौरान आतंकवादी गुट दाइश के नियंत्रण से आठ किलोमीटर के क्षेत्रफल को स्वतंत्र कराने में सफलता प्राप्त कर ली है।
दैरिज़्ज़ूर के निकट दाइश के ठिकानों पर सीरिया की सेना के समर्थन के लिए रूस के युद्धक विमानों के हमलों में दाइश के लगभग 70 आतंकी मारे गये और घायल हुए। इसी मध्य इदलिब प्रांत के उत्तरी क्षेत्रों के गांवों और क़स्बों में सेना के युद्धक विमानों ने पंफ़्लेट गिराए हैं जिनमें सशस्त्र विरोधियों से हथियार डालने और सामान्य जीवन की ओर लौटने की अपील की गयी है। (AK)