जनमत संग्रह, इराक़ी संविधान के विरुद्धः अलएबादी
इराक़ के प्रधानमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि कुर्दिस्तान क्षेत्र का जनमत संग्रह इराक़ के संविधान के विरुद्ध है।
हैदर अलएबादी ने इराक़ के मामले में संयुक्त राष्ट्रसंघ के दूत "येन कुइबिस" के साथ वार्ता में कहा कि इराक़ से कुर्दिस्तान क्षेत्र को अलग करने के संबन्ध में जनमत संग्रह देश के संविधान के बिल्कुल विपरीत है। इस भेंटवार्ता में इराक़ी प्रधानमंत्री का कहना था कि वर्तमान समय में देश की प्राथमिकता, आतंकवाद के विरुद्ध सघर्ष है।
राष्ट्रसंघ के दूत ने कहा कि जनमत संग्रह वाले विषय को बग़दाद और अरबील वार्ता के माध्यम से हल करें। इससे पहले उन्होंने शुक्रवार को इराक़ के राष्ट्रपत फोआद मासूम से भी इस बारे में चर्चा की थी। इसी बीच यह सूचना है कि कुर्दिस्तान के जनमत संग्रह के बारे में कुर्दिस्तान के प्रमुख मसूद बारेज़ानी का वह संवाददाता सम्मेलन स्थिगित हो गया जो शनिवार को होने वाला था। मसूद बारेज़ानी के कार्यालय से जारी बयान में बताया गया है कि उनका यह संवाददाता सम्मेलन अब रविवार को आयोजित होगा।
ज्ञात रहे कि इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र को इस देश अलग करने के उद्देश्य से 25 सितंबर को कराए जाने वाले जनमत संग्रह का विरोध लगभग हर ओर से किया जा रहा है।