फ़िलिस्तीनी गुटों द्वारा आईआरजीसी का व्यापक समर्थन
फ़िलिस्तीनी संघर्षकर्ता गुटों ने ईरान की इस्लामी क्रांति संरक्षक बल आईआरजीसी के विरुद्ध अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के हालिया बयान की निंदा की है।
हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार दमिश्क़ में फ़िलिस्तीनी संघर्षकर्ता गुटों के गठबंधन के प्रवक्ता ख़ालिद अब्दुल मजीद ने एक बयान में जो मीडिया के हवाले किया गया, कहा कि डोनल्ड ट्रम्प का यह बयान, ज़ायोनी शासन के साथ अमरीका की सांठगांठ का चिन्ह है।
अब्दुल मजीद ने ईरान को अमरीका और ज़ायोनी शासन के मुक़ाबले में इस्लामी जगत की एकमात्र प्रतिरोधक शक्ति बताया और कहा कि आईआरजीसी, अन्य आतंकवादी गुटों, नुस्रा फ़्रंट और तकफ़ीरी आतंकवादियों से संघर्ष में मुख्य भूमिका अदा कर रहा है।
इसी मध्य फ़त्ह इंतेफ़ाज़ा आंदोलन ने आईआरजीसी के विरुद्ध डोनल्ड ट्रम्प के बयान को ज़ायोनी शासन की सेवा बताया और तकफ़ीरी आतंकवादी गुटों से संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ईरान और आईआरजीसी से सहृदयता की घोषणा की।
ज्ञात रहे कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार की रात अपने घिसे पिटे बयान में ईरान पर आतंकवाद के समर्थन का आरोप लगाते हुए इस्लामी क्रांति संरक्षक बल सिपाहे पासदारान पर नये प्रतिबंध लगा दिए।
आईआरजीसी इराक़ और सीरिया में तकफ़ीरी आतंकवादी गुटों से संघर्ष के लिए इन देशों के आधिकारिक निमंत्रण पर परामर्श सहायता दे रही है और अमरीका समर्थित आतंकवादियों से संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। (AK)