सीरिया तुरंत छोड़ दे अमेरिकी सेना
सीरिया के विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने अमेरिका के रक्षा मंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सीरिया में अमेरिकी सैनिकों की मौजूदगी के बारे चेतावनी दी है।
समाचार एजेंसी तसनीम ने अलमयादीन न्यूज़ चैनल की हवाले से ख़बर दी है कि सीरिया के विदेश मंत्री के प्रवक्ता ने अमेरिकी रक्षा मंत्री जेम्स मैटिस के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सीरिया में किसी भी देश के सैनिकों की मौजूदगी बिना दमिश्क़ सरकार की सहमति के इस देश की संप्रभुता और संयुक्त राष्ट्र के चार्टर का स्पष्ट उल्लंघन है।
सीरिया के विदेश मंत्री के प्रवक्ता ने कहा कि बिना दमिश्क़ सरकार की आज्ञा के सीरिया में अमेरिकी सैनिकों की उपस्थिति को राजनीतिक प्रक्रिया से जोड़ना, इस देश की संप्रुभुता का खुला उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और उसके गठबंधन का इस तरह की कार्यवाही का केवल एक ही उद्देश्य होता है किसी भी देश पर दबाव बनाकर अपनी मर्ज़ी थोपना।
सीरिया के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि हम इस बात की इजाज़त नहीं देंगे कि अमेरिका और उसके घटक सीरियाई जनता पर अपनी मर्ज़ी थोप सकें। उन्होंने कहा कि आज मध्यपूर्य की जो संकटमयी स्थिति है उसके लिए अमेरिका और उसके घटक ही ज़िम्मेदार हैं।
दमिश्क सरकार ने राष्ट्र संघ से मांग की है कि वह अमेरिका पर दबाव बनाए कि वह अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों का पालन करते हुए बिना किसी शर्त के अपने सैनिकों को तत्काल सीरिया से बाहर निकाले।
ज्ञात रहे कि अमेरिकी रक्षा मंत्री जेम्स मैटिस ने सोमवार को अपने एक बयान में कहा था कि दाइश के आतंकवादियों के सफ़ाए तक अमेरिकी सैनिक, सीरिया में रुके रहेंगे। (RZ)