सऊदी और विदेशी सैनिकों पर यमनी फ़ोर्सेज़ की कार्यवाही
यमनी सेना और स्वंयसेवी बल की तोपख़ाना इकाइयों ने पूर्वी यमन के असीलान शहर और केन्द्रीय यमन के मआरिब प्रांत में विदेशी भाड़े के सैनिकों के सुरक्षा ढांचों और मोर्चों को निशाना बनाया।
संवाददाता के अनुसार, यमनी सेना के एक सूत्र ने कहा कि यमनी सेना और स्वंयसेवी बल ने पश्चिमी मआरिब के ‘जबल सुल्ब’ इलाक़े में विदेशी भाड़े के सैनिकों के ठिकानों पर गोलाबारी की जिसमें अनेक मारे गए या घायल हुए।
सेना और स्वयंसेवी बल की तोपख़ाना इकाई ने इसी तरह असीलान शहर के उपनगरीय क्षेत्र मुनअतिफ़ में अतिक्रमणकारियों के ठिकानों पर भी कार्यवाही की।
यमनी फ़ोर्सेज़ की मीज़ाईल व तोपख़ाना इकाइयों ने इसी तरह सऊदी अरब के नजरान, जीज़ान और असीर इलाक़ों में सऊदी सैनिकों और भाड़े के सैनिकों के ठिकानों को भी निशाना बनाया।
ग़ौरतलब है कि यमन पर सऊदी अरब का 26 मार्च 2015 से हवाई हमला जारी है। इसी तरह सऊदी अरब ने यमन की ज़मीनी, हवाई और समुद्री नाकाबंदी कर रखी है जिसके कारण लाखों की संख्या में यमनी बच्चों व नागरिकों को दयनीय स्थिति का सामना है। (MAQ/N)