सऊदी विरोधी ख़बर लिखने पर मिली 7 साल क़ैद की सज़ा
सऊदी अरब विरोधी ख़बर लिखने पर एक कुवैती नागरिक मोहम्मद सलमान को सात साल क़ैद की सज़ा सुनाई गई है।
समाचार एजेंसी तसनीम के अनुसार मोहम्मद सलमान ने ट्वीटर एकाउंट से सऊदी अरब के ख़िलाफ़ एक समाचार वायरल कर दिया था जिसके बाद कुवैत की पुलिस ने मोहम्मद सलमान के विरुद्ध मामला दर्ज करके उन्हें गरिफ़्तार कर लिया था।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़ बुधवार को मोहम्मद सलमान को कुवैत की एक अदालत में पेश किया गया। कुवैत के आपराधिक न्यायलय ने मामले की सुनवाई करते हुए सलमान को 7 साल कठोर क़ैद की सज़ा सुनाई है।
कुवैत के अलक़ब्स अख़बार की रिपोर्ट में बताया गया है कि कुवैती नागरिक ने ट्वीटर के अपने एकाउंट से सऊदी अरब के ताज़ा राजनीतिक घटनाक्रम के बारे में केवल कुछ टिप्पणियां की थीं जिसके बाद उसको अपराधिक अदालत का सामना करना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि सरकारी अभियोजक ने कुछ दिन पहले एक और कुवैती नागरिक अब्दुल्ला अलसालेह का मामला कुवैत की एक आपराधिक अदालत में पेश किया था जिसपर सउदी अरब, इमारात और बहरैन के ख़िलाफ़ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने का आरोप था लेकिन अलसालेह द्वारा अदालत में पेश न होने पर मामले की सुनवाई को स्थगित कर दिया गया था। (RZ)