दाइश की विचारधारा से संघर्ष ज़रूरीः अलएबादी
इराक़ के प्रधानमंत्री ने कहा है कि दाइश के साथ ही उसकी भ्रष्ट विचारधारा से भी संघर्ष करने की ज़रूरत है।
हैदर अलएबादी ने कहा कि दाइश की विचारधारा बहुत ही ख़तरनाक है जिसका डटकर मुक़ाबला किया जाना चाहिए। उन्होंने शनिवार को एक कांफ़्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में हम दाइश से छीने गए क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा स्थापित करने के प्रयास कर रहे हैं।
इराक़ के प्रधानमंत्री अलएबादी ने कहा कि इराक़ियों ने एकजुट होकर दाइश को इराक़ में पराजित कर दिया। उन्होंने कहा कि हमें इस एकता को बनाए रखना चाहिए।
ज्ञात रहे कि इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने 9 दिसंबर 2017 को एेलान किया था कि दाइश को इराक़ से निकाल बाहर किया जा चुका है। उनकी इस घोषणा के बावजूद इराक़ के कुछ क्षेत्रों में दाइश के आतंकवादी छिप गए हैं।