इस्राईली मंत्री की गाड़ी पर फ़िलिस्तीनियों का हमला
दसियों क्रोधित फ़िलिस्तीनी युवाओं ने इस्राईल के आंतरिक मामलों के मंत्री के वाहन पर हमला कर दिया।
फ़िलिस्तीनी सूचना केन्द्र ने ज़ायोनी शासन की वेबसाइट "0404" के हवाले से सूचना दी है कि गुूरवार की सुबह कुछ फ़िलिस्तीनी युवाओं ने इस्राईल के आंतरिक मामलों के मंत्री Ghalad Ordan "ग्लाद ओर्डन" के वाहन पर पत्थरों, शीशों और पैट्रोल बम से हमला कर दिया। फ़िलिस्तीनियों के इस हमले में इस्राईल के आंतरिक मामलों के मंत्री के वाहन को भारी क्षति पहुंची।
इस्राईली पुलिस का कहना है कि मंत्री के वाहन पर फ़िलिस्तीनियों का हमला सुरक्षा चूक को दर्शाता है किंतु इससे उनको कोई विशेष क्षति नहीं पहुंची। इसी बीच इस्राईल के आंतरिक मामलों के मंत्री के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि गुरूवार को जिस समय ग्लाद ओर्डन, बैतुल मुक़द्दस में सुरक्षाबलों और अधिकारियों से मुलाक़ात के लिए जा रहे थे उसी समय फ़िलिस्तीनी युवाओं ने उनके वाहन पर हमला कर दिया।
उल्लेखनीय है कि जिस दिन से अमरीकी राष्ट्रपति ने यह घोषणा की है कि वे अमरीकी दूतावास को तेलअवीव से बैतुल मुक़द्दस लाना चाहते हैं, उसी दिन से इसके विरोध में न केवल फ़िलिस्तीनी क्षेत्रों में बल्कि विश्व के अन्य क्षेत्रों में व्यापक विरोध प्रदर्शन किये जा रहे हैं।