पश्चिमोत्तरी यमन में सऊदी अरब का एक ड्रोन तबाह
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i54923-पश्चिमोत्तरी_यमन_में_सऊदी_अरब_का_एक_ड्रोन_तबाह
यमनी फ़ोर्सेज़ ने सऊदी अरब के एक ड्रोन विमान को मार गिराया।
(last modified 2023-11-29T05:45:15+00:00 )
Dec ३०, २०१७ १२:५० Asia/Kolkata
  • यह फ़ाइल फ़ोटो यमनी फ़ोर्सेज़ के हाथों एक अज्ञात स्थान पर तबाह हुए सऊदी ड्रोन विमान की है
    यह फ़ाइल फ़ोटो यमनी फ़ोर्सेज़ के हाथों एक अज्ञात स्थान पर तबाह हुए सऊदी ड्रोन विमान की है

यमनी फ़ोर्सेज़ ने सऊदी अरब के एक ड्रोन विमान को मार गिराया।

सऊदी अरब का यह विमान यमनी सेना और स्वयंसेवी बल की संयुक्त कार्यवाही में पश्चिमोत्तरी यमन के सीमावर्ती शहर हरज़ में मार गिराया गया।

अरबी भाषी टीवी चैनल अलमसीरह ने यमनी फ़ोर्सेज़ के एयर डिफ़ेन्स इकाई के एक सूत्र के हवाले से बताया कि सऊदी अरब के जासूसी विमान को शनिवार तड़के मार गिराया गया जब वह हरज़ ज़िले के ऊपर उड़ रहा था।

ग़ौरतलब है कि यमनी वायु सेना ने 1 अक्तूबर को भी सऊदी अरब के एमक्यू-9 प्रकार के ड्रोन विमान को सनआ की दैलमी छावनी के ऊपर उड़ते समय मार गिराया था।

दूसरी ओर यमन पर सऊदी अरब के हमले जारी हैं। शनिवार को अतिक्रमणकारी सऊदी अरब के फ़ाइटर जेट ने पश्चिमी यमन के हुदैदा प्रांत के ख़ूख़ा क्षेत्र पर हमला किया जिसमें 10 महिलाएं हताहत हुयीं।

इस बीच यमन के अंसारुल्लाह आंदोलन के राजनैतिक कार्यालय के सदस्य ज़ैफ़ुल्लाह शामी ने सऊदी अरब के ख़िलाफ़ राष्ट्रीय एकता को मज़बूत बनाने पर बल देते हुए कहा कि इस आंदोलन की शक्ति का आधार अतिक्रमणकारियों के दावे के विपरीत, यमनी जनता है।

हालिया दिनों में यमनी फ़ोर्सेज़ ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सऊदी अरब और उसके किराए के टट्टुओं के ठिकानों को बारंबार निशाना बनाया है।

यमनी सेना ने 27 दिसंबर को मंदब-एक नामक नए समुद्री मीज़ाईल तंत्र का अनावरण करते हुए कहा कि इस तंत्र के निर्माण की प्रौद्योगिकी ऐसी है जिसका दुश्मन पता नहीं लगा सकता। यह तंत्र समुद्री लक्ष्यों को भेदने की अपार क्षमता रखता है।

यमन पर सऊदी अरब के 26 मार्च 2015 से हमले जारी हैं। सऊदी अरब के हमलों में कम से कम 12000 बेगुनाह यमनी नागरिक हताहत, दसियों हज़ार घायल और दसियों लाख विस्थापित हुए हैं। (MAQ/N)