सीरिया में धमाका, 25 लोग हताहत
तकफ़ीरी आतंकवादी गुट ने सीरिया के आम नागरिकों को निशाना बनाते हुए एक धमाका करके 25 लोगों को मौत के घाट उतार दिया है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार तकफ़ीरी आतंकवादी गुटों और उनके समर्थकों ने, सीरिया में मिल रही लगातार हार से बौखलाकर इस देश के आम नागरिकों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
अलमयादीन टीवी चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक़ उत्तरी सीरिया के “इदलिब” प्रांत में स्थित “सलासीन” नामक राजमार्ग पर हुए कार बम विस्फोट में कम से कम 25 लोग मारे गए और दर्जनों घायल हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार इस आतंकवादी धमाके में मरने और घायल होने वाले सभी आम नागरिक हैं।
इस बीच स्काई न्यूज़ ने अपने सूत्रों के हवाले से ख़बर दी है कि सलासीन राजमार्ग पर हुए बम धमाके में मरने वालों की संख्या 30 पहुंच गई है।
उल्लेखनीय है कि सीरिया के इदलिब प्रांत में सीरियाई सेना का तकफ़ीरी आतंकवादियों के ख़िलाफ़ विशेष सैन्य अभियान सफलतापूर्वक जारी है। सीरियाई सेना के इस अभियान के अंतर्गत अबतक दर्जनों शहर और गावों को आतंकवादियों के चंगुल से आज़ाद कराया जा चुका है। जानकारों का कहना है कि यह हमला आतंकवादियों की बौखलाहट का परिणाम है। (RZ)