पश्चिमी तट में 2 फ़िलिस्तीनी शहीद हुए
अतिग्रहित पश्चिमी तट के विभिन्न इलाक़ों पर ज़ायोनी सेना के ज़मीनी व हवाई हमलों में 2 फ़िलिस्तीनी शहीद हुए।
इरना के अनुसार, फ़िलिस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार रात बताया कि अतिग्रहित पश्चिमी तट के जेनीन शहर में ज़ायोनी सैनिकों ने फ़िलिस्तीनियों के घरों पर हमला किया जिसमें एक फ़िलिस्तीनी जवान शहीद हुआ। इस हमले में ज़ायोनों सैनिकों ने 2 फ़िलिस्तीनियों को गिरफ़्तार भी किया।
जेनीन शहर पर ज़ायोनी सैनिकों के हमले के दौरान ज़ायोनी सैनिकों और फ़िलिस्तीनियों के बीच झड़प हुयी जिसमें 2 ज़ायोनी सैनिक घायल हुए।
उधर अलआलम ने फ़िलिस्तीनी सूत्रों के हवाले से बताया कि जेनीन शहर में फ़िलिस्तीन के प्रतिरोध मोर्चे के जवानों और ज़ायोनी सैनिकों के बीच सशस्त्र झड़प में 1 ज़ायोनी सैनिक मारा गया और 1 अन्य घायल हुआ।
इस रिपोर्ट के अनुसार, अतिग्रहित फ़िलिस्तीन के दक्षिणी भाग में अश्कोल कॉलोनी में फ़िलिस्तीनियों के चाक़ू से हमले में एक ज़ायोनी मारा गया।
दूसरी ओर रामल्लाह से फ़्रांस प्रेस के अनुसार, पश्चिमी तट में ज़ायोनी सेना के हवाई हमले में 1 फ़िलिस्तीनी शहीद हुआ।
ग़ौरतलब है कि 6 दिसंबर 2017 को अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के बैतुल मुक़द्दस शहर को ज़ायोनी शासन की राजधानी के रूप में मान्यता देने और अमरीकी दूतावास को तेल अविव से इस शहर स्थानांतरित करने के एलान के ख़िलाफ़ फ़िलिस्तीनियों ने क़ुद्स इन्तेफ़ाज़ा आंदोलन शुरु किया है।
क़ुद्स इन्तेफ़ाज़ा आंदोलन की शुरुआत से अब तक ज़ायोनी सैनिकों के साथ झड़प में 22 फ़िलिस्तीनी शहीद और हज़ारों घायल हुए हैं। इसी तरह ज़ायोनी सैनिकों ने बड़ी संख्या में फ़िलिस्तीनियों को गिरफ़्तार किया है। (MAQ/N)