हमास ने बनाया नया आधुनिक मिज़ाईल, इस्राईल में मचा हड़कंप
फ़िलिस्तीनी प्रतिरोध संगठन हमास के नए आधुनिक मिज़ाईल सिस्टम बनाने की ख़बर के बाद से ज़ायोनी शासन के अधिकारियों की नींद उड़ी हुई है।
प्राप्त समाचारों के अनुसार ज़ायोनी शासन के सैन्य अधिकारियों ने हमास की बढ़ती मिज़ाईल क्षमता को इस्राईल के आयरन डोम सिस्टम के लिए ख़तरनाक बताया है।
“ज़ीरो फ़ोर ज़ीरो” नामक इस्राईली समाचार वेबसाइट के अनुसार, ज़ायोनी शासन के सैन्य सूत्रों ने कहा है कि ऐसी अत्याधुनिक मिसाइलें हमास के पास मौजूद हैं जो हमारे आयरन डोम मिज़ाईल रक्षा प्रणाली के लिए ख़तरा उत्पन्न कर सकती हैं। ज़ीरो फोर ज़ीरो की रिपोर्ट के मुताबिक़, हमास द्वारा बनाई गई नई मिज़ाईल बहुत ही नई टेकनोलॉजी के साथ बनाई गई है जो अपने लक्ष्य को भेदने में पूरी तरह सक्षम है।
इस्राईल के सैन्य सूत्रों ने ज़ायोनी शासन को चेतावनी दी है कि हमास अपने नए आधुनिक मिज़ाईल को इस्राईल के साथ युद्ध में इस्तेमाल कर सकता है।
ज़ायोनी शासन के सैन्य सूत्रों के मुताबिक़, हमास की मिज़ाईल, 160 से 200 किलोग्राम तक के विस्फोटक पदार्थों को लेने जाने की शक्ति रखती है। ज़ायोनी सैन्य सूत्रों के अनुसार हमास ने इन मिज़ाईलों को इस्राईल के आयरन डोम रक्षा सिस्टम को भेदने के लिए ही बनाया है। इस्राईली सैन्य सूत्रों ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि हमास को पिछले युद्धों से अनुभव प्राप्त हुआ है और वह लगातार इस तरह की शक्ति हासिल करने की कोशिश कर रहा है जिसके माध्यम से ग़ज़्ज़ा की सीमा के पास इस्राईली सैन्य ठिकानों और ज़ायोनी कालोनियों को आसानी से लक्ष्य बना सके।
दूसरी ओर ज़ायोनी शासन के युद्ध मंत्री लेबरमैन ने यह स्वीकार किया है कि हमास ने हाल ही में आधुनिक मिज़ाईलों का परीक्षण किया है। लेबरमैन का कहना था कि हमास ने हाल ही में तीन मिज़ाईलों को समुद्र में दाग़ा है। उन्होंने कहा कि हमास द्वारा मिज़ाईलों के परीक्षण यह दर्शाते हैं कि हमास नए-नए मिज़ाईल बनाने और उनके परीक्षण में लगा हुआ है। (RZ)