अमरीका और इस्राईल, सीरिया में अस्थिरता का मुख्य कारण
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i57809-अमरीका_और_इस्राईल_सीरिया_में_अस्थिरता_का_मुख्य_कारण
सीरियाई वायु सेना द्वारा इस्राईल के एक एफ-16 विमान मार गिराए जाने लगभग एक हफ्ते बाद अमरीकी अधिकारियों ने इस्राईल के समर्थन का क्रम जारी रखते हुए, दावा किया है कि सीरिया में इस्लामी गणतंत्र ईरान की उपस्थिति, इलाक़े में अस्थिरता का कारण है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Feb १५, २०१८ ११:४९ Asia/Kolkata

सीरियाई वायु सेना द्वारा इस्राईल के एक एफ-16 विमान मार गिराए जाने लगभग एक हफ्ते बाद अमरीकी अधिकारियों ने इस्राईल के समर्थन का क्रम जारी रखते हुए, दावा किया है कि सीरिया में इस्लामी गणतंत्र ईरान की उपस्थिति, इलाक़े में अस्थिरता का कारण है।

इसके साथ ही अमरीकी विदेशमंत्री " रैक्स टिलरसन" ने जार्डन के विदेशमंत्री के साथ संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस में और संयुक्त राष्ट्र संघ में अमरीका की प्रतिनिधि "निकी हेली" ने सीरिया के बारे में सुरक्षा परिषद की बैठक में  ईरान के खिलाफ इसी प्रकार के दावे किये। 

रेक्स टिलरसन

वास्तव में 10 फरवरी 2018 को सीरिया द्वारा इस्राईली युद्धक विमान को मार गिराए जाने के बाद सीरिया का समीकरण बदल गया और इससे ज़ायोनियों और उनके समर्थकों को यह खुला संदेश भी दिया गया कि सीरियाई ठिकानों पर एक तरफा हमले का समय बीत गया और अब हर प्रकार के हमले का करारा जवाब दिया जाएगा। सीरिया पर इस्राईल के बार-बार के हमले, इस देश में अमरीका की अस्पष्ट भूमिका वास्तव में सीरिया और इलाक़े में अस्थिरता की जड़ है। 

निकी हेली 

 

यदि अमरीका और उसका गठजोड़  वास्तव में आतंकवाद के खिलाफ गंभीर होता तो आज सीरिया और इलाक़े में अधिक स्थिरता होती लेकिन सीरिया संकट के गत सात वर्षों पर ध्यान देने से अमरीका की संकट पैदा करने वाली भूमिका पूरी तरह से स्पष्ट हो जाती है। अमरीका ने इस दौरान खुल कर दाइश के आतंकवादियों की मदद की है यहां तक कि सीरिया के उप विदेशमंत्री "फैसल मेक़दाद" ने अभी पिछले बुधवार को भी खुल कर कहा कि अमरीका ने अपने विमानों से" रिक़्क़ा" और  " दैरुज़्ज़ूर" से एक हज़ार आतंकवादियों को दूसरे इलाक़े पहुंचाया है। इसके साथ ही उन्होंने संयुक्त राष्ट्र संघ और विश्व समुदाय से मांग की है कि सीरिया की स्थिरता के लिए अत्याधिक घातक  अमरीकी क़दमों और सीरिया की संप्रभुता के उल्लंघन के पीछे उसके इरादों की जांच की जानी चाहिए।

फैसल मेक़दाद

इस लिए सीरिया में अस्थिरता का कारण, इस देश और इराक़ में ईरान की क़ानूनी उपस्थिति नहीं बल्कि सीरिया के बारे में अमरीका और उसके घटकों के क्रियाकलाप संकट की जड़ हैं। सीरिया में कई छावनियां बनाने, उत्तरी सीरिया में स्थानीय सेना के गठन और सीरिया पर रासायनिक हथियार के प्रयोग का आरोप मढ़ने की अमरीकी कोशिशों का यही उद्देश्य है जिसके मुक़ाबले में रूस और ईरान, सीरिया की सरकार के साथ सहयोग करते हुए इस देश में शांति व स्थिरता के लिए प्रयास कर रहे हैं। (Q.A.)