तुर्की का इफ़रीन में युद्ध विराम स्वीकार करने से इनकार
तुर्की ने सीरिया के उत्तरी क्षेत्र इफ़रीन में युद्ध विराम से इनकार कर दिया है।
हमारे संवाददाता ने तुर्क सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट दी है कि तुर्क सरकार के प्रवक्ता ने घोषणा की है कि सीरिया के शहर इफ़रीन पर हमले जारी रहेंगे। तुर्क सरकार के प्रवक्ता ने घोषणा की है कि सीरिया में 30 दिन के संघर्ष विराम से संबंधित सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव से, सीरिया के क्षेत्र इफ़रीन में तुर्क सैनिकों के ज़ैतून की टहनी नामक सैन्य आप्रेशन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
ज्ञात रहे कि सीरिया में 30 दिन के संघर्ष विराम के संबंधित प्रस्ताव शनिवार की शाम, सुरक्षा परिषद के सभी सदस्यों की सहमति से पास हुआ है। इस प्रस्ताव में कहा गया है कि दाइश, अलक़ायदा, नुस्रा फ़्रंट और दूसरे तकफ़ीरी आतंकवादी गुटों के विरुद्ध कार्यवाही, इस युद्ध विराम में शामिल नहीं है।
इफ़रीन पर तुर्क सैनिकों के हमले ऐसी हालत में जारी हैं कि शनिवार को पास होने वाले सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव की परिधि में इफ़रीन में भी संघर्ष विराम होना चाहिए ताकि इस शहर की जनता तक मानवीय सहायता पहुंचायी जा सके।
तुर्क सेना ने जनवरी 2018 से इफ़रीन पर हमले शुरु कर रखे हैं जिनमें अब तक 171 आम नागरिक हताहत और 458 घायल हो चुके हैं।(AK)