अमरीकी गठबंधन बन चुका है दाइश की वायुसेनाः असद
बश्शार असद का कहना है कि अमरीकी गठबंधन दाइश की वायुसेना में परिवर्तित हो चुका है।
सीरिया के राष्ट्रपति ने कहा है कि तथाकथित आतंकवाद विरोधी अमरीकी गठबंधन व्यवहारिक रूप में आतंकवादी गुट दाइश की वायुसेना में बदल चुका है।
ईरान के विदेश उपमंत्री जाबिर अंसारी के साथ भेंट में बश्शार असद ने कहा कि अमरीकी गठबंधन का मुख्य उद्देश्य, दाइश सहित अन्य आतंकवादी गुटों का समर्थन करना है।रविवार को दमिश्क़ में होने वाली इस भेंट में सीरिया के राष्ट्रपति ने कहा कि पूर्वी ग़ोता के निवासी, आतंकवादियों से मुक्ति चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सीरिया की सेना इन लोगों को आतंकवादियों से मुक्त कराने के उद्देश्य से अपने सैन्य अभियान को जारी रखे हुए हैं। उनका कहना था कि ग़ोतावासियों को आतंकवादियों से सुरक्षित कराने का यह अभियान जारी रहेगा।
असद का कहना था कि संघर्ष विराम और आतंकवादियों के विरुद्ध कार्यवाही दो अलग चीज़ें हैं। उनका कहना था कि पश्चिम यह दिखाने का प्रयास कर रहा है कि सीरिया की सेना, रासायनिक शस्त्रों का प्रयोग कर रही है। बश्शार असद का कहना था कि सीरिया की सेना पर रासायनिक शस्त्रों के प्रयोग का आरोप लगाकर पश्चिम, सीरिया की सेना पर अधिक से अधिक हमले करना चाहता है।
ज्ञात रहे इससे पहले सीरिया में आतंकवादी कई बार रासायनिक शस्त्रों का प्रयोग कर चुके हैं जिसका आरोप हर बार पश्चिम ने सीरिया की सेना पर लगाया है। अभी हाल में रूस के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी करके एलान किया है कि सीरिया की सेना पर रासायनिक शस्त्रों के प्रयोग का आरोप लगाकर पश्चिम, आतंकवादियों को सुरक्षित करना चाहता है।