इराक़ में दाइश के तीन ख़ुफ़िया ठिकाने तबाह
इराक़ी सेना ने स्वयंसेवी बलों के साथ मिलकर एक सर्च अभियान के दौरान दाइश के तीन ख़िफिया ठिकानों को तबाह कर दिया।
इराक़ के स्वयंसेवी बल के एक कमांडर जासिम अलबज़ूनी ने बताया कि तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश के ख़िलाफ़ इराक़ के उत्तरी प्रांत नैनवा और सलाहुद्दीन में इराक़ी सेना और स्वयंसेवी बल ने विशेष सर्च अभियान चला रखा है। उन्होंने कहा कि इस सर्च ऑपरेशन के दौरान दाइश के तीन ख़ुफ़िया ठिकानों की जानकारी मिली।
अलबज़ूनी ने बताया कि इन ख़ुफ़िया ठिकानों पर ज़मीन और आसमान दोनों तरफ़ से एक साथ हमला किया गया। ऑपरेशन के दौरान 14 आतंकवादी ढेर हो गए जबकि दस आतंकियों को ज़िन्दा गिरफ्तार किया गया है और बड़ी मात्रा में गोला बारूद और अमेरिका निर्मित हथियार ज़ब्त किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि इराक़ के सभी शहरों को दाइश के चंगुल से आज़ाद कराया जा चुका है लेकिन उसके बावजूद दाइश के कुछ बचे-खुचे आतंकी उत्तरी इराक़ के नैनवा और सलाहुद्दीन प्रांतों के रेगिस्तानी क्षेत्रों में छिपे हुए हैं। दूसरी ओर इराक़ी सेना और स्वयंसेवी बल ने लगातार इराक़ के चप्पे-चप्पे पर सर्च अभियान चला रखा है ताकि बचे हुए आतंकवादियों को मारा जा सके या उन्हें गिरफ़्तार किया जा सके। (RZ)