अमरीकी दूतावास बैतुल मुक़द्दस स्थानांतरित करने के कार्यक्रम का बहिष्कार
अमरीकी दूतावास बैतुल मुक़द्दस स्थानांतरित करने के कार्यक्रम में आमंत्रित आधे से अधिक विदेशी अधिकारियों ने इस कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया है।
अमरीका के दूतावास को तेल अवीव से बैतुल मुक़द्दस स्थानांतरित करने के कार्यक्रम के आयोजन को बहुत कम समय बाक़ी बचा है और इस कार्यक्रम में आमंत्रित 86 कूटनयिकों में से सिर्फ़ 30 ने इसमें शामिल होने के लिए हामी भरी है। इस्राईली समाचारपत्र हाआरेट्ज़ ने बताया है कि अब तक आॅस्ट्रेलिया, जर्मनी, आयरलैंड, माल्ट, मेक्सिको, पुर्तगाल, पोलैंड, रूस, स्वीडन और मिस्र घोषणा कर चुके हैं कि वे इस कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे।
अरबी समाचारपत्र अलक़ुद अलअरबी ने अपनी वेबसाइट के माध्यम से रिपोर्ट दी है कि फ़िलिस्तीनी अधिकारियों ने संसार के देशों के प्रतिनिधियों, कूटनयिकों और अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं से अपील की है कि वे अमरीकी दूतावास को तेल अवीव से बैतुल मुक़द्दस स्थानांतरित करने के समारोह का बहिष्कार करें। फ़िलिस्तीनियों समेत पूरे इस्लामी जगत और विश्व जनमत के लिए फ़िलिस्तीन समस्या के बारे में जो संवेदनशीलता पाई जाती है उसके दृष्टिगत, इस पवित्र शहर के बारे में इस्राईल की वर्चस्ववादी नीतियों का साथ देने पर अमरीका को विशेष रूप से कूटनैतिक क्षेत्र में नकारात्मक परिणामों का सामना करना पड़ेगा। निश्चित रूप से बैतुल मुक़द्दस के ख़िलाफ़ अमरीका व ज़ायोनियों की कार्यवाहियों पर न केवल इस्लामी जगत में बल्कि पूरी दुनिया में नकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और आगे भी आएंगी।अमरीका के दूतावास को तेल अवीव से बैतुल मुक़द्दस स्थानांतरित करने के कार्यक्रम के व्यापक बहिष्कार ने विश्व मंच पर अमरीका को और अधिक अलग-थलग कर दिया है। (HN)