सीरिया में आतंकवादी गुट आपस में भिड़े, दर्जनों आतंकवादी हताहत
तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश और फ़्री सीरियन आर्मी के बीच सीरिया के दरआ प्रांत में भीषण झड़पें हुई हैं।
सोमवार को प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, दरआ के पश्चिम में स्थित हीत और अल-जबलिया क़स्बों में दाइश और फ़्री सीरियन आर्मी के बीच भीषण झड़पों में दोनों ओर से दर्जनों आतंकवादी मारे गए हैं।
पिछले हफ़्ते भी दरआ में आतंकवादी गुटों के बीच भीषण झड़पें हुई थीं।
सीरिया में आतंकवादी गुटों की निरंतर हार और सीरियाई सेना एवं स्वयं सेवी बलों की प्रगति के कारण, आतंकवादी गुटों के बीच मतभेद बढ़ रहे हैं और अब वे आपस में ही एक दूसरे की जान के दुश्मन बन गए हैं।
पिछले सात वर्षों से सीरिया में आतंकवादी विदेशी समर्थन से हिंसा और आतंक फैला रहे हैं, लेकिन सीरियाई सेना और स्वयं सेवी बलों ने अब देश के अधिकांश भागों को आतंकवादियों के क़ब्ज़े से आज़ाद करा लिया है। msm