दक्षिणी दमिश्क़ से आतंकवादियों का हुआ सफ़ाया
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i63512-दक्षिणी_दमिश्क़_से_आतंकवादियों_का_हुआ_सफ़ाया
सीरियाई सेना ने घोषणा की है कि दक्षिणी दमिश्क़ के उपनगरीय क्षेत्रों को आतंकवादियों से पूरी तरह से साफ़ कर दिया गया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May २२, २०१८ १६:१५ Asia/Kolkata
  • दक्षिणी दमिश्क़ से आतंकवादियों का हुआ सफ़ाया

सीरियाई सेना ने घोषणा की है कि दक्षिणी दमिश्क़ के उपनगरीय क्षेत्रों को आतंकवादियों से पूरी तरह से साफ़ कर दिया गया है।

इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार सीरिया की राजधानी दमिश्क़ के दक्षिण के उपनगरीय क्षेत्र हजरे असवद और यरमूक कैम्प में मौजूद आतंकवादियों के सभी ठिकानों को तबाह कर दिया गया है और साथ ही इन दोनों इलाक़ों को आतंकवादियों से पूरी तरह साफ़ कर दिया गया है जिसके बाद दमिश्क़ के आस-पास के सभी इलाक़ों में पूर्ण शांति स्थापित हो गई है।

सीरियाई सरकार ने एक बयान जारी करके यह घोषणा की है हजरे असवद और यरमूक कैम्प के अलावा यलदा, रबीला और बैते सहम नामक क्षेत्रों को सीरियाई सेना ने पूरी तरह अपने नियंत्रण में ले लिया है। सीरियाई सरकार के बयान के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी ग़ोता के सभी क्षेत्रों से तकफ़ीरी आतंकियों का सफाया कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि दक्षिणी दमिश्क़ से आतंकवादियों का सफाया करने के लिए सीरियाई सेना ने लगभग एक महीने पहले कार्यवाही आरंभ की थी। दूसरी ओर सीरिया से यह भी सूचना आ रही है कि दैरुज़्ज़ूर प्रांत के पूर्वी क्षेत्रों में तेल के कुएं पर नियंत्रण को लेकर अमेरिका समर्थित सशस्त्र सीरियाई गुटों के बीच आपस में हुई भीषण झड़पों में दोनों ओर से 50 से अधिक लोग मारे गए हैं। (RZ)