सीरिया में शीघ्र युद्ध समाप्त होने वाला है
सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद ने कहा है कि उनके देश में जारी युद्ध अगले वर्ष तक पूरी तरह समाप्त हो जाएगा और सीरियाई राष्ट्र अपने देश की एक-एक इंच ज़मीन वापस लेगी।
सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद ने ब्रिटिश समाचार पत्र 'मेल' को दिए एक साक्षात्कार में कहा है कि हम योजाबद्ध तरीक़े से तकफ़ीरी आतंकवादियों से लड़ रहे हैं और एक-एक करके इन आतंकी गुटों का सफाया कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीरियाई सेना ने देश के 80 प्रतिशत से अधिक इलाक़ों में फिर से सीरिया का झंडा स्थापित कर दिया है और आने वाले दिनों में बाक़ी बचे क्षेत्रों से हम जल्द ही आतंकवादियों का सफाया करके सीरियाई ध्वज लहरा देंगे।
एक प्रश्न के जवाब में बश्शार असद ने कहा कि रूस, सीरियाई सरकार के निर्णयों में हस्तक्षेप नहीं कर रहा है और हमारा आतंकवादियों से जारी युद्ध उस समय तक समाप्त नहीं होगा जब तक हम अपने देश की एक-एक इंच ज़मीन वापस नहीं ले लेते।
सीरिया के राष्ट्रपति ने आगे कहा कि सीरियाई नागरिकों ने देश में शांति स्थापित करने के लिए अपार बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया यह देख रही है कि हमने इन ख़ूंख़ार आतंकियों को कैसे पराजित किया है, इन आतंकियों को हमारी जनता ने अपनी प्रतिबद्धता और जज़्बे के आधार पर पराजित किया है। असद ने कहा कि आज जो आतंकवादी सीरिया में हैं, कल किसी और देश में होंगे और वहां तबाही फैलाएंगे। उन्होंने कहा कि इसलिए मैं कहता हूं आतंकवाद केवल सीरियाई राष्ट्र की समस्या नहीं है बल्कि यह एक वैश्विक संकट है जिसका सबको मिलकर मुक़ाबला करना चाहिए। (RZ)