हुदैदा में सऊदी अरब का हथियारों का भंडार तबाह
यमनी फ़ोर्सेज़ ने देश के पश्चिमी प्रांत हुदैदा में अतिक्रमणकारी सऊदी फ़ोर्सेज़ के हथियारों का भंडार तबाह कर दिया है।
यमन के अलमसीरा टीवी चैनल के अनुसार, एक सैन्य सूत्र ने मंगलवार को बताया कि यमनी फ़ोर्सेज़ ने जिसमें अंसारुल्लाह आंदोलन के स्वयंसेवी बल भी शामिल हैं, हुदैदा के दुरैहमी क्षेत्र के दक्षिण में अतिक्रमणकारी फ़ोर्सेज़ के हथियारों के भंडार को तबाह कर दिया। हथियारों के भंडार में आग लगने की वजह से कई धमाके हुए।
यमनी सेना और स्वयंसेवी बल ने इसी तरह सऊदी अरब के दक्षिणी क्षेत्र असीर के मजाज़ह इलाक़े में सऊदी सैनिकों के कैंप पर कार्यवाही की जिसमें कई सऊदी सैनिकों के मारे जाने की ख़बर है।
इस बीच यमन से एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, यमन के सअदा प्रांत के राज़ेह इलाक़े में आवासीय क्षेत्रों पर अतिक्रमणकारी सऊदी फ़ोर्सेज़ के हमले तेज़ हो गए हैं।
यमन पर सऊदी अरब का हमला अमरीका के समर्थन से 26 मार्च 2015 से जारी है। सऊदी अरब ने यमन की ज़मीनी, हवाई और समुद्री नाकाबंदी कर रखी है।
यमन पर सऊदी अरब के हमलों में अब तक दसियों हज़ारों बेगुनाह हताहत और घायल हुए हैं जबकि दसियों लाख लोग बेघर हुए हैं। (MAQ/N)