तुर्की में कल होंगे समय से पूर्व संसदीय और राष्ट्रपति चुनाव
तुर्की की जनता रविवार 24 जून को इस देश के राष्ट्रपति और संसद के चुनाव के लिए मतदान करेगी।
तुर्की में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में वर्तमान राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान सहित 6 लोग राष्ट्रपति पद के लिए मैदान में हैं।
तुर्की के चुनाव आयोग ने एलान किया है कि रविवार के चुनाव में मतदान के लिए देश के पांच करोड़ साठ लाख तीन सौ बाइस लोगों को मताधिकार प्राप्त है। विदेश में रहने वाले तुर्क नागरिकों के लिए सात जून को मतदान आरंभ हुआ था जो चार दिन पहले समाप्त हो चुका है।
तुर्की में कल होने जा रहे चुनाव इस देश के एैतेहासिक चुनाव बताए जा रहे हैं क्योंकि इससे पहले कभी भी इस देश में संसद और राष्ट्रपति के चुनाव एकसाथ नहीं हुए थे। तुर्की के राष्ट्रपति पद के चुनाव यदि दूसरे चरण तक खिंच जाते हैं तो फिर दूसरे चरण के चुनाव 8 जूलाई को कराए जाएंगे।
तुर्की के संविधान में परिवर्तन करने के बाद अब इस देश की शासन व्यवस्था राष्ट्रपति पर आधारित होगी जिसके पास पहले से अधिक अधिकार हो जाएंगे। वहां के संविधान के अनुसार प्रधानमंत्री का पद समाप्त हो जाएगा और सारी शक्ति राष्ट्रपति के हाथों में होगी।