सुरक्षा के बिना देश को चलाया नहीं जा सकताः एबादी
इराक़ के प्रधानमंत्री ने कहा है कि सुरक्षा के बिना न तो देश को संचालित किया जा सकता है और न ही देश की अर्थव्यवस्था को मज़बूत बनाया जा सकता है।
मेहर न्यूज़ के अनुसार हैदर अलएबादी ने इराक़ के बसरा प्रांत के क़बाएली सरदारों के साथ भेंट में बल देकर कहा कि इराक़ सरकार के पास देश के पुनर्निमाण के लिए ठीक उसी प्रकार से योजना तैयार है जिस प्रकार से उनके पास दाइश से मुक़ाबले की योजना थी। उन्होंने इराक की कुछ समस्याओं की ओर संकेत करते हुए कहा वर्तमान समय में हमारा देश युद्ध की स्थिति से शांति की ओर बढ़ रहा है। इराक़ के प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवादी गुट दाइश ने चार साल पहले इराक़ में विध्वंसक कार्यवाहियां आरंभ की थीं जो बाद के वर्षों में भी जारी रहीं। उन्होंने कहा कि इराक़ की जनता और वहां की सरकार ने एकजुट होकर दाइश को देश से निकाल बाहर किया।
हैदर अलएबादी ने हालिया कुछ दिनों के दौरान इराक़ में होने वाले प्रदर्शनों की ओर संकेत करते हुए कहा है कि सरकार का लक्ष्य जनता की सेवा करना है।
ज्ञात रहे कि पिछले कुछ दिनों से इराक़ के कुछ शहरों में इस देश में बेरोज़गारी को लेकर हड़ताल और प्रदर्शन किये जा रहे हैं। इसी बीच शुक्रवार को सुबह से नजफ़ एयरपोर्ट से अन्तर्राष्ट्रीय उड़ानें आरंभ हो गई हैं जो प्रदर्शनों के कारण रोक दी गई थीं।