इस्राईल के हमलों पर मौन स्वीकार्य नहीं हैः हमास
फ़िलिस्तीन के हमास संगठन के प्रवक्ता ने कहा है कि अपराधी व रक्त पिपासु ज़ायोनी शासन के हमलों पर मौन स्वीकार्य नहीं है।
फ़ौज़ी बरहूम ने गुरुवार को अपने ट्वीटर हैंडल पर लिखा कि अतिग्रहणकारी इस्राईल ग़ज़्ज़ा पट्टी में जो अपराध कर रहा है उस पर चुप रहना किसी भी स्थिति में स्वीकार योग्य नहीं है। हमास की सैन्य शाखा इज़्ज़ुद्दीन क़स्साम ब्रिगेड ने भी एक बयान में पूर्वी ग़ज़्ज़ा में ज़ायोनियों के हमले में तीन फ़िलिस्तीनियों की शहादत की ओर इशारा करते हुए कहा है कि पूरे ग़ज़्ज़ा में प्रतिरोधक बल अलर्ट हो गए हैं। बयान में कहा गया है कि दुश्मन को जान लेना चाहिए कि उसे फ़िलिस्तीनी प्रतिरोधकर्ताओं और जनता के ख़ून बहाने की क़ीमत चुकानी ही होगी।
अलअक़सा ब्रिगेड ने भी कहा है कि प्रतिरोधकर्ता बलों ने मीज़ाइल का जवाब मीज़ाइल से देकर अपनी शक्ति सिद्ध कर दी है और वे अपने शहीदों का बदला अतिग्रहणकारियों से लेकर रहेंगे। ज्ञात रहे कि बुधवार को ज़ायोनी शासन के तोपख़ाने के हमले में पूर्वी ग़ज़्ज़ा में तीन फ़िलिस्तीनी शहीद और कई अन्य घायल हो गए थे। (HN)