तुर्की और अमरीका के बीच तनाव जारी
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i67337-तुर्की_और_अमरीका_के_बीच_तनाव_जारी
तुर्की के वित्तमंत्री ने कहा है कि फिलहाल देश में विदेशी मुद्रा की कोई समस्या नहीं है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug १८, २०१८ १४:२७ Asia/Kolkata
  • तुर्की और अमरीका के बीच तनाव जारी

तुर्की के वित्तमंत्री ने कहा है कि फिलहाल देश में विदेशी मुद्रा की कोई समस्या नहीं है।

तुर्की के वित्तमंत्री बरात अलबायराक ने यह बात पूंजी निवेशकों के सम्मेलन में कही।  उन्होंने कहा कि तुर्की ने विदेशी मुद्रा की आपूर्ति के लिए अन्तर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष से कोई अनुरोध नहीं किया है।  उन्होंने आशा व्यक्त कि है कि वर्तमान मुद्रा संकट शीघ्र समाप्त हो जाएगा।  एक अमरीकी पादरी की गिरफ़्तारी को लेकर अमरीका और तुर्की के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है।  अमरीका की ओर से लगातार बयानबाज़ी के कारण तुर्की के साथ उसके संबन्ध तनावपूर्व होते जा रहे हैं।

जानकारों का कहना है कि तुर्की और अमरीका के संबन्ध अभी हालिया दिनों में ख़राब नहीं हुए हैं बल्कि एक वर्ष से अधिक समय से अमरीका के साथ तुर्की के संबन्ध तनावपूर्ण रहे हैं।  इन दो घटकों के संबन्ध वर्तमान समय में दो शत्रुओं जैसे हो गए हैं।  जासूसी के आरोप में तुर्की में एक अमरीकी पादरी की गिरफ़्तारी के बाद संयुक्त राज्य अमरीका ने प्रतिबंधों और टैक्स के मामध्यम से तुर्की पर दबाव बनाना शुरू किया।  इस बात को तुर्की ने व्यापारिक युद्ध के रूप में लिया।  तुर्की के अधिकारी अपने देश की जनता से अनुरोध कर चुके हैं कि वे अपनी राष्ट्रीय मुद्रा की वैल्यू को सुरक्षित रखने के लिए डाॅलर को बेचकर लीरा ख़रीदें।  उनकी इस बात का प्रभाव जनता पर पड़ा और हज़ारों तुर्कीवासियों ने लंबी-लंबी लाइनों में लगकर यह काम किया। 

उधर तुर्की के विदेश मंत्री ने कहा है किउनका देश कभी भी अमरीका की धमकियों और प्रतिबंधों के सामने नहीं झुकेगा।  मौलूद चावूश ओग़लू ने कहा कि उनका देश अमरीका के साथ जारी तनाव को वार्ता के माध्यम से हल करना चाहता है लेकिन वाॅशिंग्टन ने दूसरे मार्ग अपनाए हैं। उन्होंने कहा कि अमरीका के संबंध न केवल तुर्की से बल्कि यूरोप व संसार के अनेक देशों से तनावपूर्ण हो गए हैं क्योंकि अमरीका की वर्तमान सरकार की नीति का आधार दबाव और धमकी पर है और वह केवल अपने हितों पर ही ध्यान दे रही है।