सऊदी अरब के विदेशी संबंध, तनावग्रस्त हैंः अंसारुल्लाह
यमन के जनांदोलन अंसारुल्लाह के प्रवक्ता ने यह बयान करते हुए कि सऊदी अरब के विदेशी संबंध, तनावग्रस्त हैं, कहा कि सऊदी अरब के क़तर, ओमान, जार्डन और कुवैत सहित अपने पड़ोसी देशों के साथ संबंधों में समस्या है।
अलमनार टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार अंसारुल्लाह के प्रवक्ता मुहम्मद अब्दुस्सलाम ने इस बात पर बल देते हुए कि सऊदी अरब उस गठबंधन के ढांचे को सुरक्षित नहीं रख सका जिसका वह दावा करता है, कहा कि यमनी जनता अपनी युक्ति से सऊदी गठबंधन के तत्वों को हैरान कर देगी।
श्री मुहम्मद अब्दुस्सलाम ने बल दिया कि यमन पर सऊदी अरब के हमलों के कारण, यमनी जनता को दुश्मनों के मुक़ाबले में अपनी सैन्य शक्ति बढ़ाने का मौक़ा मिला और अंतर्राष्ट्रीय जल क्षेत्र में सऊदी युद्धपोत को निशाना बनाना सऊदी अरब के लिए एक खुला और ध्यान योग्य संदेश है।
अंसारुल्लाह के प्रवक्ता ने इसी प्रकार कहा कि यमन का जनांदोलन अंसारुल्लाह, देश में हर प्रकार की झड़पों को समाप्त करने के उद्देश्य से वार्ता शुरु करने के लिए हर प्रकार की योजना का स्वागत करता है।
सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने गुरुवार 9 अगस्त को यमन के सादा प्रांत के ज़हियान क्षेत्र में बच्चों की स्कूली बस पर हमला कर दिया था जिसमें 55 बच्चे हताहत और 77 अन्य घायल हो गये थे। (AK)