यमनी सेना के स्नाइपरों ने 36 सऊदी सैनिकों का किया शिकार
यमनी सेना और अंसारुल्लाह आंदोलन के स्नाइपरों ने 36 सऊदी सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया है।
अलमसीरा की रिपोर्ट के मुताबिक़, यमनी सेना और स्वयंसेवी बलों के स्नाइपरों ने पिछले 24 घंटों के दौरान यमन में जारी युद्ध के तीन अलग-अलग मोर्चों पर सऊदी अरब के 36 किराए के सैनिकों को मार गिराया है। प्राप्त सूचना के अनुसार, यमन के माअरिम, तइज़ और अलजौफ़ इलाक़ों में सऊदी सेना की एक बड़े हमले की साज़िश को नाकाम बनाते हुए यमनी सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया और 36 सऊदी सैनिकों को ढेर कर दिया।
दूसरी ओर यमन की आम जनता पर सऊदी युद्धक विमानों का बम बरसाने का क्रम जारी है। सऊदी अरब के ताज़ा पाश्विक हमलों में यमन के कई आम नागरिकों के मारे जाने और कई अन्य के घायल होने की सूचना है। उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब ने अमेरिका और इस्राईल के समर्थन से क्षेत्र के कुछ अरब देशों के साथ मिलकर एक गठबंधन बनाया और 26 मार्च 2015 से यमन पर पाश्विक हमले आरंभ किए जिसका सिलसिला अभी भी जारी है।
ज्ञात रहे कि 2015 से अब तक सऊदी गठबंधन के हमलों में दसियों हज़ार यमनियों की मौत हो चुकी है और लाखों की संख्या में घायल हुए हैं, जबकि दसियों लाख यमनी अपना घर-भार छोड़ने पर मजबूर हुए हैं। दूसरी ओर यमन की घेराबंदी के कारण इस ग़रीब देश की जनता भीषण भुखमरी की शिकार हो गई है। (RZ)