यमन में अपराधों का ज़िम्मेदार अमरीका हैः अलहूसी
यमन की सर्वोच्च क्रांतिकारी कमेटी के प्रमुख ने कहा है कि अमरीका, यमनी जनता के जनसंहार और व्यापक अपराधों का ज़िम्मेदार है।
अलअहद वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार यमन की सर्वोच्च क्रांति कमेटी के प्रमुख मुहम्मद अली अलहूसी ने ट्वीट किया कि अमरीका की करनी उसकी कथनी से बहुत अलग है और अमरीकी रक्षामंत्री जेम्स मैटिज़ का हालिया भाषण, वास्तव में यमनी जनता के जनसंहार का लाइसेंस जारी करना है।
अमरीका के रक्षामंत्री ने यमन पर सऊदी गठबंधन के हवाई हमलों पर जिसमें बड़ी संख्या में आम नागरिक मारे गये हैं, प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अमरीका की प्राथमिकता, आम नागरिकों के मारे जाने को कम करना है।
श्री अलहूसी ने कहा कि प्रमाणों से पता चलता है कि सऊदी अरब और संयुक्त अरब इमारात जानबूझकर यमन के आम नागरिकों का जनसंहार कर रहे हैं।
सऊदी अरब के इस पाश्विक हमले में अब तक 13 हज़ार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं जबकि दसियों हज़ार घायल हो चुके हैं और यमन के लोगों को खाद्य पदार्थों और दवाओं सहित विभिन्न चीज़ों की अत्यंत कमी का सामना है।
सऊदी अरब ने संयुक्त अरब इमारात, अमरीका, ब्रिटेन और फ़्रांस के भरपूर समर्थन से मार्च 2015 से यमन पर व्यापक हमले शुरु किए जिसके बाद से उसने इस देश का हवाई, ज़मीनी और समुद्री परिवेष्टन कर रखा है किन्तु यमनी जनता का प्रतिरोध एेसी हालत में चौथे वर्ष में दाख़िल हो गया है कि सऊदी अरब अपने किसी भी लक्ष्य को यमन में प्राप्त नहीं कर सका है। (AK)