तिकरीत में कार बम धमाका 5 हताहत 32 घायल
इराक़ के तिकरीत नगर में एक आतंकवादी धमाके में कम से कम 5 लोग मारे गए और 32 अन्य घायल हो गए।
इराक़ के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता सैफ अलबदर ने बताया है कि बुधवार को राजधानी बग़दाद के पश्चिमोत्तर में स्थित तिकरीत में एक वाहन में रखे बम में विस्फोट हो गया। इस धमाके में 5 लोग घटना स्थल पर मारे गए। इराक़ी सुरक्षाबलों ने घटना स्थल का घेराव करके वहां से लोगों की आवाजाही बंद कर दी है। घायलों को अस्पतालों में भेजा गया है।
इसी बीच इराक़ के सुरक्षा सूत्रों ने बताया है कि उत्तरी इराक़ के एक गांव में कार बम धमाके में एक व्यक्ति मारा गया और दो लोग घायल हो गए। ज्ञात रहे कि इराक़ की सरकार आधिकारिक रूप में इस देश से दाइश के अंत की घोषणा कर चुकी है किंतु उससे संबन्धित तत्व मौक़ा मिलते ही कहीं न कहीं पर आतंकवादी कार्यवाही कर देते हैं।