इस्राईली सैनिकों के हाथों 3 फ़िलिस्तीनी शहीद
-
14 सितंबर को पैरामेडिक्स पूर्वी ग़ज़्जा शहर में ग़ज़्ज़ा को अतिग्रहित इलाक़े से अलग करने वाली बाड़ के निकट प्रदर्शन के दौरान घायल हुए फ़िलिस्तीनी को ले जाते हुए (एएफ़पी के सौजन्य से)
ग़ज़्ज़ा पट्टी में ज़ायोनी सैनिकों के हाथों 3 फ़िलिस्तीनी शहीद हुए।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, ग़ज़्ज़ा को अतिग्रहित फ़िलिस्तीनी क्षेत्र से अलग करने वाली सीमा बाड़ के निकट फ़िलिस्तीनियों और इस्राईली सैनिकों के बीच टकराव में 3 फ़िलिस्तीनी शहीद हुए।
ग़ज़्ज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, शुक्रवार को नाकाबंदी से घिरे ग़ज़्ज़ा के जबालिया शहर के पूरब में ज़ायोनी सैनिक ने एक 12 साल के फ़िलिस्तीनी किशोर के सिर पर गोली मार दी जिससे वह शहीद हो गया।
ग़ज़्ज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अशरफ़ अलक़द्रा ने बताया कि बुरैज शरणार्थी कैंप के पूरब में ज़ायोनी सैनिक की गोली में 21 साल का मोहम्मद शक़ोरा शहीद हुए।
तिसरे शहीद की पहचान हानी रम्ज़ा अफ़ाना बतायी गयी जो 21 साल के थे। वह रफ़ह में शहीद हुए।
शुक्रवार को हुए टकराव में अनेक फ़िलिस्तीनी घायल भी हुए हैं जिनमें बच्चे भी हैं।
ग़ज़्ज़ा की सीमा बाड़ के निकट 30 मार्च से स्थिति तनावपूर्ण चल रही है। इस दिन से फ़िलिस्तीनियों ने अपने वतन से निकाले गए फ़िलिस्तीनियों की वतन वापसी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरु किया है।
नक्बा दिवस की 70वीं बर्सी की पूर्व संध्या 14 मई को ग़ज़्ज़ा में टकराव अपने चरम पर थे। 14 मई को अमरीका ने अपने दूतावास को तेल अविव से अतिग्रहित बैतुल मुक़द्दस स्थानांतरित किया।
30 मार्च से अब तक ज़ायोनी सैनिकों की फ़ायरिंग में लगभग 175 फ़िलिस्तीनी शहीद और 19000 के क़रीब घायल हुए हैं।(MAQ/N)