इराक़, मे़क़दादिया में अज़ादारों पर दाइश का बड़ा हमला विफल + फ़ोटो
इराक़ के स्वयं सेवी बल हश्शदुश्शाबी ने इमाम हुसैन के श्रद्धालुओं पर दाइश के घातक हमले को विफल बना दिया।
स्वयं सेवी बल हश्दुश्शाबी ने शनिवार की रात एक बयान में कहा कि पूर्वी दियाला प्रांत में इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के श्रद्धालुओं पर होने वाले एक हमले को विफल बना दिया गया।
बयान में कहा गया है कि आतंकवादी गुट दाइश ने दियाला प्रांत के मेक़दादिया क्षेत्र में हज़रत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के श्रद्धालुओं पर हमले की योजना बनाई थी जिसे जवानों ने समय रहते ही विफल बना दिया। दाइश के आतंकी सबीलों और अज़ादारों की योजना बना रहे थे। इस कार्यवाही में दाइश का पूरा गुट मारा गया जबकि स्वयं सेवी बलों की ओर से चलाए गये आशूरा नामक आप्रेशन में बड़ी मात्रा में हथियार और गोला बारूद भी बरामद किए गये।

इराक़ के स्वयं सेवी बल हश्दुश्शाबी ने सामर्रा के दक्षिण में स्थित बलद नामक शहर के उपनगरीय क्षेत्र में आतंकवादी गुट दाइश के तत्वों की घुसपैठ के प्रयास को विफल बना दिया।

दूसरी ओर इराक़ी स्वयं सेवी बल हश्दुश्शाबी ने एक बयान में कहा है कि सामर्रा के दक्षिण में स्थित बदल शहर में सेना और आम नागरिक ठिकानों पर हमले की दाइश की योजना की सूचना मिलने के बाद स्वयं सेवी बलों के जवानों ने दाइश के तत्वों के ठिकानों को निशाना बनाया जिसमें आतंकी मारे गये। उधर करकूक पुलिस प्रमुख ने भी एक बयान में इस प्रांत में दाइश के दो ठिकानों को तबाह और दो आतंकियों के मारे जाने की सूचना दी है।

ज्ञात रहे कि इराक़ सरकार ने दिसम्बर 2017 में इराक़ से दाइश के सैन्य अस्तित्व की समाप्ति की घोषणा की है किन्तु इस देश के कुछ क्षेत्रों में इस आतंकी गुट के बाक़ी बचे तत्व मौजूद हैं जो आम नागरिकों और आवासीय क्षेत्रों को अपने हमलों का निशाना बनाने का प्रयास करते हैं।

अलबत्ता इराक़ी सेना और स्वयं सेवी बलों की ओर से इराक़ के विभिन्न क्षेत्रों से आतंकियों का सफ़ाया करने की अब तक कई कार्यवाहियां अंजाम दी जा चुकी हैं। (AK)